शोभापुर बमबाजी का मुख्य आरोपी पवन रजक पुलिस गिरप्त में
फरार प्रवीण की तलाश में पुलिस की दबिश जारी

लेखक, {आकाश पांडेय} जबलपुर, यश भारत। रांझी थाना क्षेत्र के शोभापुर और शोभापुर कलारी में करीब डेढ़ माह पहले हुई बमबाजी की सनसनीखेज घटनाओं के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी पवन रजक से दो दिन तक पुलिस रिमांड पर गहन पूछताछ करने के बाद गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले का दूसरा मुख्य आरोपी प्रवीण रजक अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलानी ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले शोभापुर और शोभापुर कलारी में दो अलग-अलग स्थानों पर बमबाजी की घटनाएं हुई थीं। घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने तत्काल विस्फोटक अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पवन रजक और प्रवीण रजक को मुख्य आरोपी बनाया गया।
पुलिस ने इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी पवन रजक और प्रवीण रजक लंबे समय से फरार चल रहे थे। लगातार दबिश के बीच 23 जून को पवन रजक ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। उसके खिलाफ पहले से राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया गया था और वारंट भी जारी हो चुका था, जिसकी तामील के बाद उसे बमबाजी मामले में गिरफ्तार दर्शाया गया।
पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए न्यायालय से दो दिन की रिमांड प्राप्त की। रिमांड के दौरान आरोपी से बमबाजी की साजिश, घटना के पीछे की वजह, इस्तेमाल किए गए संसाधनों, फरारी के दौरान उसके ठिकानों और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद गुरुवार को आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार आरोपी प्रवीण रजक की तलाश लगातार जारी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।







