बहोरीबंद जनपद सीईओ की मनमानी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, विधायक का निकला अर्थी जुलूस, जनपद अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

कटनी, यशभारत। जनपद पंचायत बहोरीबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार की मनमानी के खिलाफ आज जनपद अध्यक्ष लाल कमल बंसल ने हजारों लोगों के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडे द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी को संरक्षण दिये जाने को लेकर भी आक्रोश देखा गया। सीईओ की मनमानी के खिलाफ जनपद अध्यक्ष लाल कमल बंसल के नेतृत्व में अनूठा प्रदर्शन किया गया। विधायक प्रणय पांडे का अर्थी जुलूस निकालकर जोरदार नारेबाजी की गई। इस दौरान जनपद अध्यक्ष अपने गले फाँसी का फंदा लगाए हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि सीईओ की वजह से अब फांसी लगाने की स्थिति आ गई है। जनपद अध्यक्ष लाल कमल बंसल ने आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक द्वारा सीईओ को खुला संरक्षण प्रदान किया गया है, जिसके चलते सीईओ के हौसले बुलंद हैं और वे मनमानी पर उतारू हैं। विकास कार्यों में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। सीईओ द्वारा जनपद अध्यक्ष के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है। बैठकों का भी आयोजन नहीं किया जा रहा है। सीईओ की मनमानी के खिलाफ बहोरीबंद में पिछले 15 दिनों से धरना प्रदर्शन चल रहा है। जिला प्रशासन को लगातार सूचना दिए जाने के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे बहोरीबंद जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांवों में विकास कार्य अवरुद्ध पड़े हुए हैं। श्री बंसल ने बताया कि सीईओ द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है और जातिगत रूप से अपमानित किया जा रहा है। अर्थी जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। यहां तहसीलदार द्वारा ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ ए के खान, शहर अध्यक्ष एडवोकेट संदीप नायक, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह धुर्वे, ओबीसी महासभा के जिलाध्यक्ष डॉ बी के पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।






