कटनी

पहले दी, अब वापस ली साइकिलें, छात्रों ने जताई नाराजगी, ढीमरखेड़ा का मामला

कटनी, यशभारत। ढीमरखेड़ा क्षेत्र में छात्र-छात्राओं को शासन की योजना के तहत दी गई साइकिलें महज एक महीने बाद वापस लिए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम महमगवां के छात्र छात्राएं शासकीय हाई स्कूल पडऱभटा में पढ़ते हैं, जो उनके गांव से करीब दो किलोमीटर दूर है। छात्रों का आरोप है कि जुलाई माह में उन्हें नि:शुल्क साइकिलें वितरित की गईं लेकिन अगस्त में स्कूल प्रिंसिपल ने यह कहते हुए साइकिलें वापस ले लीं कि वे योजना के लिए पात्र नहीं हैं। अब छात्र छात्राएं सवाल उठा रहे हैं कि अगर वे अपात्र थे तो उन्हें साइकिलें वितरित ही क्यों की गईं। महमगवां गांव से स्कूल आने.जाने वाले छात्र छात्राओं के लिए साइकिल उनके आवागमन का महत्वपूर्ण साधन थी। जुलाई में जब शासन की योजना के तहत उन्हें साइकिल मिली तो छात्रों में खुशी का माहौल था, लेकिन यह खुशी ज्यादा दिन नहीं टिक सकी। छात्रों के मुताबिक करीब एक महीने बाद स्कूल प्रबंधन ने उनकी साइकिलें वापस ले लीं। बताया गया कि छात्र.छात्राएं साइकिल योजना के लिए पात्र नहीं हैं। साइकिल वापस लिए जाने से छात्रों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पहले साइकिल देकर उनके मन में उम्मीद और खुशी पैदा की गई और फिर अचानक साइकिल वापस ले ली गईण् छात्रों ने पूरे मामले की जांच कर पात्र विद्यार्थियों को साइकिल वापस दिलाने की मांग की है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने भी जांच की बात कही है। जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पांडे के मुताबिक पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button