मध्य प्रदेशराज्य

खाकी पर सवाल, वीडियो से बवाल: युवक पर लाठियों की बरसात, 20 घंटे से बेहोश; देखे पूरा वायरल वीडियो….

सतना यश भारत। कोलगवां थाना क्षेत्र के कृपालपुर स्थित उर्मिला दास मंदिर परिसर में एक युवक पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। घायल युवक जिला अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान कृपालपुर निवासी सिवान सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम वह मंदिर परिसर के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे कुछ लोगों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने लाठी-डंडों से लगातार वार किए, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

 

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। परिजनों का कहना है कि युवक लंबे समय तक बेहोश रहा और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने हमलावरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हमले की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

कोलगवां थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। घायल के बयान दर्ज होने के बाद हमले के कारण स्पष्ट होंगे और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button