यूसीसी विधेयक पर विधानसभा में हंगामा, विपक्ष का वॉकआउट, देखे विडियो

यूसीसी विधेयक पर विधानसभा में हंगामा, विपक्ष का वॉकआउट, देखे वीडियो
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सरकार द्वारा यूनिफॉर्म सिविल कोड विधेयक पेश किए जाने के बाद सदन में ज़बरदस्त हंगामा हुआ। विधेयक को प्रवर समिति के पास भेजने की मांग को लेकर विपक्ष ने जमकर नारेबाजी की और वेल में पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने यूसीसी विधेयक को तुरंत पारित कराने के बजाय गहन विचार-विमर्श के लिए प्रवर समिति को सौंपने का आग्रह किया। नेता प्रतिपक्ष ने पॉइंट ऑफ ऑर्डर के तहत विधायी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि नियमों के अनुसार कार्यवाही की जानकारी दो दिन पहले दी जानी चाहिए थी। इस पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने व्यवस्था देते हुए कहा कि विशेष परिस्थितियों में उसी दिन विधेयक प्रस्तुत कर चर्चा कराने का प्रावधान है।
चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि इस विधेयक के जरिए एक वर्ग विशेष को निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 29 का हवाला देते हुए अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा की मांग की।
विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह विधेयक केवल सरकार का फैसला नहीं, बल्कि जनमत का प्रतिबिंब है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के लगभग 10 लाख लोगों ने इस पर अपने सुझाव और राय दी है। तीखी नोकझोंक और हंगामे के बीच विपक्ष ने विधेयक के विरोध में अपना रुख स्पष्ट किया।







