एक्टिवा की टक्कर से अधेड़, पेड़ से बाइक टकराने से युवक की मौत -मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस

एक्टिवा की टक्कर से अधेड़, पेड़ से बाइक टकराने से युवक की मौत
-मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत।
नर्मदापुरम रोड पर पिछले दिनों एक तेज रफ्तार एक्टिवा ने राहगीर को टक्कर मार कर घायल कर दिया था। हादसे के बाद घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, नजीराबाद इलाके में पेड़ से बाइक टकराने के कारण गंभीर रूप से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान बीती रात अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मिसरोद थाना के हेडकांस्टेबल राजेश चौधरी ने बताया कि करोंद निवासी बद्री प्रसाद पुत्र तुलसीराम(55) शनि मंदिर के पास आटा चक्की चलाते थे। गत 3 अगस्त की दोपहर वह शनि मंदिर के पास पैदल सडक़ पार कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार एक्टिवा ने उन्हें टक्कर मार कर घायल कर दिया था। हादसे के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर कल उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। इधर, नजीराबाद थाना पुलिस ने बताया कि गनाखेड़ी निवासी सुनील अहिरवार पुत्र रामप्रसाद(22) मजदूरी करता था। वह किडनी की बीमारी से पीडि़त था। उसका इलाज चल रहा था। गत 13 अगस्त की रात वह इलाज कराने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। रात करीब साढ़े दस बजे जब वह बेरावन गांव के पास पहुंचा। तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद उसे परिजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर कल उपचार के दौरान उसने दमतोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।







