जबलपुरमध्य प्रदेश

वीएफजे में टी-सीरीज़ टैंक ओवरहॉल परियोजना का भूमिपूजन,

जबलपुर बना रक्षा उत्पादन का नया केंद्र

 

जबलपुर। व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर (वीएफजे) में टी-सीरीज़ टैंकों के ओवरहॉल की नई सामरिक सुविधा की आधारशिला गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रखी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित रक्षा उत्पादन क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी और सैन्य उत्पादन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। रक्षा मंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के साथ ही समारोह प्रारंभ हुआ। इस परियोजना को जबलपुर के साथ-साथ देश की रक्षा उत्पादन क्षमता के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (एवीएनएल) की इकाई वीएफजे में स्थापित होने वाली इस सुविधा में प्रतिवर्ष 80 टी-सीरीज़ टैंकों के ओवरहॉल की क्षमता विकसित की जाएगी। एवीएनएल के पास टी-सीरीज़ टैंकों के ओवरहॉल का 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वीएफजे की नई क्षमता को हेवी व्हीकल्स फैक्ट्री (एचवीएफ) में पहले से उपलब्ध 150 टैंकों की वार्षिक ओवरहॉल क्षमता से जोड़ने पर देश में कुल 230 टैंकों के सालाना ओवरहॉल की क्षमता उपलब्ध होगी।

परियोजना के तहत सिविल अधोसंरचना, अत्याधुनिक संयंत्र एवं मशीनरी, टेस्ट ट्रैक तथा एलपीआर खमरिया की मौजूदा रेंज में प्रूफ बट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे टैंकों की मरम्मत, परीक्षण और पुनर्सज्जा की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाया जा सकेगा।

एमएसएमई को मिलेगा बड़ा अवसर

परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण प्रभाव स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र पर पड़ने की उम्मीद है। टी-सीरीज़ टैंकों में बड़ी संख्या में कंपोनेंट, असेंबली और सब-सिस्टम लगते हैं। इनके लिए मजबूत स्थानीय सप्लाई चेन विकसित होने से जबलपुर और महाकौशल क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को रक्षा उत्पादन से जुड़ने के नए अवसर मिलेंगे। इससे रोजगार, विनिर्माण और सहायक सेवाओं को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन को मिलेगी गति

टी-सीरीज़ टैंक ओवरहॉल की यह सुविधा भारतीय सेना की बढ़ती परिचालन आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगी। वीएफजे में इस क्षमता का विस्तार जबलपुर की पहचान को देश के प्रमुख रक्षा उत्पादन केंद्रों में और मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है। परियोजना से स्थानीय उद्योगों की भागीदारी बढ़ने के साथ ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को भी महत्वपूर्ण गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद जबलपुर आशीष दुबे प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि व रक्षा उत्पादन विभाग के सचिव संजीव कुमार, संयुक्त सचिव (भूमि प्रणाली) डॉ. गरिमा भगत, एवीएनएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सत्यव्रत मुखर्जी, निदेशक/वित्त राजीव कुमार शर्मा, निदेशक/मानव संसाधन एस.एम. साल्वे तथा वीएफजे के मुख्य महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button