रहवासी क्षेत्र में दुकानों के विरोध में बरसते पानी में महिलाओं का पैदल मार्च शिवाजी नगर रहवासी संघ का कैंडल मार्च, बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठाई आवाज
Women stage a march in the rain to protest against shops in a residential area Shivaji Nagar Residents' Association holds a candlelight march, raising concerns about the safety of women and children

रहवासी क्षेत्र में दुकानों के विरोध में बरसते पानी में महिलाओं का पैदल मार्च
शिवाजी नगर रहवासी संघ का कैंडल मार्च, बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठाई आवाज
भोपाल, यश भारत। राजधानी के शिवाजी नगर क्षेत्र में आवासीय इलाके में व्यावसायिक गतिविधियों और दुकानों के निर्माण के विरोध में रहवासियों ने बुधवार शाम बरसते पानी के बीच पैदल मार्च निकाला। शिवाजी नगर रहवासी संघ के नेतृत्व में निकाले गए शांतिपूर्ण कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में महिलाएं और क्षेत्रवासी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आवासीय क्षेत्र का स्वरूप बनाए रखने और कथित अवैध निर्माण पर कार्रवाई की मांग की। मार्च राजीव गांधी स्कूल माचना कॉलोनी से शुरू होकर 5 नंबर पुलिस चौकी के सामने तक पहुंचा। इसका नेतृत्व क्षेत्रीय पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान ने किया। रहवासियों का कहना है कि रविशंकर शुक्ल मार्केट और 5 नंबर मार्केट के पुनर्विकास के चलते आवासीय क्षेत्र में दुकानों की स्थापना से भीड़ यातायात और शोर बढ़ने की आशंका है। कांग्रेस नेता एवं प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि दुकानों के कारण क्षेत्र में आवागमन बढ़ गया है जिससे स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। युवा समाजसेवी योगेश सराठे ने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ने से असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायतें सामने आ रही हैं। युवा नेता रवि परमार ने कहा कि आवासीय परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों से स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। रहवासियों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से अवैध निर्माण अतिक्रमण और नियम विरुद्ध भू उपयोग की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। रहवासियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। उनका कहना है कि आवासीय कॉलोनियों का मूल स्वरूप और नागरिकों की सुरक्षा किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।






