दोबारा साथ रहने से इनकार करने पर पूर्व प्रेमिका पर किया था हमला -आरोपी हमलावार की तलाश में नाकाम रही पुलिस

दोबारा साथ रहने से इनकार करने पर पूर्व प्रेमिका पर किया था हमला
-आरोपी हमलावार की तलाश में नाकाम रही पुलिस
भोपाल, यशभारत।
कोलार थाना क्षेत्र में पिछले दिनों एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर धारधार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में पुलिस अब तक आरोपी युवक को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपी अपनी पूर्व पे्रमिका के साथ दोबारा रहना चाहता था, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया था, इसी बात को लेकर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया था। आरोपी पर पूर्व में युवती के नाबालिग रहते अपहरण करने का केस दर्ज हुआ था और वह जेल की हवा भी खा चुका है।
जानकारी के मुताबिक मूलत: बैरसिया निवासी फिजा खान पुत्री मोहम्मद इरशाद(22) सुभाष नगर में किराय का मकान लेकर पॉलिटेक्निक कॉलेज से पढ़ाई कर रही है। सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे बैरसिया के रहने वाले पूर्व पे्रमी सोनू सेन ने कजलीखेड़ा स्थित ट्यूलिप कॉलोनी के बाहर फिजा खान पर धारदार हथियार से सीने, पेट व पीठ समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर एक दर्जन से ज्यादा वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस घटना के बाद से आरोपी सोनू सेन फरार हो गया। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। घटना के बाद से पुलिस उसके रिश्तेदारों व करीबी लोगों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन तीन दिन बाद भी आरोपी के बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है। आरोपी एक माह पहले ही एक आपराधिक मामले में जेल से छूटा था।
साथ रहने से मना करने पर किया हमला-
पुलिस को मामले की जांच के दौरान पता चला है कि घायल फिजा खान जब नाबालिग थी, उस वक्त आरोपी सोनू सेन से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था, उस वक्त आरोपी उसे बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया था। इस मामले में बैरसिया पुलिस ने आरोपी सोनू के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद फिजा अपने परिजनों के साथ रहने लगी थी। वह वर्तमान में पढ़ाई कर रही है। इस कारण वह अपने पूर्व पे्रमी के संपर्क में नहीं थी। हाल ही में आरोपी सोनू उसे मिला। आरोपी ने उससे आखरी बार बात करने के लिए कजलीखेड़ा बुलाया। जहां पर आरोपी ने फिजा से कहा कि वह दोबारा से उसके साथ रहने लगे तो फिजा ने इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बीच आरोपी सोनू ने उस पर जान लेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।







