भोपालमध्यप्रदेश

सर्विस रिवॉल्वर साफ करते समय चली गोली, प्रधान आरक्षक घायल; हथेली को चीरकर आर-पार निकली बुलेट

भोपाल: सर्विस रिवॉल्वर साफ करते समय चली गोली, प्रधान आरक्षक घायल; हथेली को चीरकर आर-पार निकली बुलेट

भोपाल, यश भारत। राजधानी के बैरागढ़ कलां इलाके में सर्विस रिवॉल्वर साफ करने के दौरान अचानक गोली चलने से क्राइम ब्रांच के एक प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब आरक्षक ड्यूटी पर जाने से पहले अपने कमरे में हथियार की सफाई कर रहे थे। अचानक चली गोली उनके बाएं हाथ की हथेली को भेदते हुए आर-पार निकल गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

बैरागढ़ कलां स्थित आवास की घटना

मिली जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच में पदस्थ प्रधान आरक्षक बीरबल रजक बैरागढ़ कलां स्थित अपने घर पर मौजूद थे। ड्यूटी पर रवाना होने से ठीक पहले वे अपनी सर्विस रिवॉल्वर की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक हथियार से फायर हो गया और गोली उनकी बाएं हाथ की हथेली में जा लगी। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर परिजन तुरंत कमरे की तरफ दौड़े और खून से लथपथ देखकर आरक्षक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

हमीदिया अस्पताल में इलाज जारी

घटना के तुरंत बाद घायल प्रधान आरक्षक को बैरागढ़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि, हथेली पर चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

एसीपी बोले- मामले की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय बल मौके पर पहुंच गया। एसीपी रत्नेश तोमर ने बताया कि दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की गहनता से जांच की जा रही है। घायल आरक्षक के बयान दर्ज करने और मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button