बाजार में युवक की मौत : क्षेत्र में हड़कंप, शिनाख्त में जुटी पुलिस

दमोह। शहर के कचौरा बाजार में अज्ञात व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कचौरा बाजार में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जांच के दौरान व्यक्ति को मृत पाया गया। मृतक की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अन्य माध्यमों से भी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







