बहोरीबंद और बाकल थाने पहुंचे एसपी, क्राइम कंट्रोल और इन्वेस्टीगेशन पर जोर, नवनिर्मित थाना भवन का भी लिया जायजा

कटनी, यशभारत। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने शुक्रवार को जिले के थाना बहोरीबंद और बाकल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानों की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और विभागीय अभिलेखों का सूक्ष्मता से परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करने के निर्देश दिए।
व्यवस्थाओं का लिया बारीकी से जायजा
निरीक्षण के दौरान एसपी श्री विश्वकर्मा ने थाना परिसर, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार और सीसीटीएनएस (CCTNS) कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि थानों में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने गंभीर अपराधों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
बाकल के नए थाने का निरीक्षण और स्टाफ से चर्चा
एसपी ने नवनिर्मित थाना बाकल भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने वहां पुरुष एवं महिला बंदीगृह की सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा। इसके बाद उन्होंने थाना स्टाफ से अलग-अलग चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने वाले जवानों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी। अवैध कारोबार और सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर
क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब की बिक्री और परिवहन करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
सड़क सुरक्षा: सड़क हादसों को रोकने के लिए चिन्हित स्थानों पर बैरिकेडिंग और समुचित लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए। सूचीबद्ध बदमाशों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए। निरीक्षण के दौरान थानों का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। एसपी के इस औचक दौरे से पुलिस महकमे में दिनभर सक्रियता देखी गई।








