देश

जाने कितने नेता आए गए, अब तक कुछ नहीं हुआ…बरही अग्निकांड के 16 दिन बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सांसद वीडी शर्मा को करना पड़ा परिजनों के आक्रोश का सामना, क्या शादी समारोहों में पहुंचने के चक्कर में हुए 15 दिन लेट ? देखें vedio

कटनी, यशभारत। बरही नगर में हुए हृदयविदारक अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत के 16वें दिन मंगलवार की रात क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा शोक संवेदना व्यक्त करने पीड़ित परिवार के निवास पहुंचे। इस मुलाकात के दौरान उन्हें शोकाकुल परिजनों की गहरी नाराजगी और आक्रोश का सामना करना पड़ा। दीवाली की रात हुई इस हृदय विदारक घटना के बारे में सांसद द्वारा एक पखवाड़े तक कोई सुध न लेने को लेकर समूचे जिले में तीखी प्रतिक्रिया थी और बरही के लोगों का आक्रोश भी बढ़ा हुआ था, जो वीडी शर्मा के पहुंचते ही खुलकर सामने आ गया।
अपनों को खोने का गहरा दर्द और घटना के इतने दिन बीत जाने के बावजूद जिम्मेदारों पर कोई ठोस कार्रवाई न होने की पीड़ा पीड़ित परिवार के सदस्य सुरेश अग्रवाल के शब्दों में साफ झलक उठी। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि हादसे के बाद न जाने कितने नेता आए और चले गए, लेकिन 16 दिन बीत जाने के बाद भी किसी भी जिम्मेदार पर कार्रवाई नहीं हुई। मुलाकात के दौरान जब सुरेश अग्रवाल को अपनी बात रखने से रोकने का प्रयास किया गया, तो उनका आक्रोश फूट पड़ा। बेहद भावुक और तल्ख स्वर में उन्होंने कहा, “मेरे परिवार के छह सदस्य चले गए… अब मेरा क्या होगा? मुझे बोलने दो…” सुरेश अग्रवाल के इन शब्दों में केवल नाराजगी ही नहीं, बल्कि छह अपनों को खोने का असहनीय दर्द और न्याय की अधूरी उम्मीद भी साफ नजर आई। सांसद के सामने पीड़ित परिवार का यह आक्रोश एक बार फिर प्रशासन और व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर गया है कि आखिर छह जिंदगियां लील लेने वाले इस अग्निकांड में लापरवाह और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही कब तय होगी। गौरतलब है कि इस भीषण अग्निकांड के बाद से ही बरही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। नगरवासियों और व्यापारियों ने ‘बरही बंद’ कर विरोध जताया था तथा प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों की बर्खास्तगी, नगर परिषद अध्यक्ष के इस्तीफे और दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। ऐसे में 16 दिन बाद सांसद के दौरे के दौरान परिजनों का यह गुस्सा मामले की संवेदनशीलता को और गहरा कर गया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने घटना के फौरन बाद हर प्रभावित परिवार को जान गंवाने वाले हर सदस्य के हिसाब से 4-4 लाख रुपये की राशि देने का ऐलान किया था। प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने इस मामले में सरकारी तंत्र पर अमानवीय लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने बरही पहुंचकर प्रभावित परिवार से मुलाकात की लेकिन क्षेत्रीय सांसद वीडी शर्मा अब तक शोक संवेदना व्यक्त करने नहीं पहुंच सके थे। सूत्र बताते हैं कि इतनी बड़ी घटना के बाद 15 दिन तक सांसद की गैरहाजिरी का गलत मैसेज जाता देख कटनी के भाजपा संगठन में जमे उनके सिपहसालारों ने उन्हें हालातों से अवगत कराया। अंततः कल देर शाम उन्होंने विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरही पहुंचने के लिए वक्त निकाल लिया। उन्होंने परिजनों से संवाद करते हुए अग्नि दुर्घटना से हुई अपूरणीय क्षति पर अपनी संवेदना व्यक्त की एवं इस कठिन समय में पार्टी संगठन के पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होने का भरोसा दिलाया।

क्या विवाह समारोहों का इंतजार था ?

भाजपाई सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक वीडी शर्मा 3 दिन के कटनी प्रवास पर हैं। कल बरही से कटनी आते ही वे शाम से देर रात तक कटनी में आयोजित दो विवाह समारोहों में व्यस्त रहे। आज भी उनके कुछ निजी मुलाकातों के कार्यक्रम है। इसके अलावा आज शाम को उन्हें एक और खास शादी में शामिल होना है। इसके बाद वे कल 26 नवंबर को कलेक्ट्रेट में दिशा की बैठक में शामिल होंगे। भाजपाई गलियारों में चर्चा इस बात की रही कि क्या वे बरही अग्निकांड से प्रभावित परिवार से मिलने के लिए शादी समारोहों की तारीखों का इंतजार कर रहे थे, कि लगे हाथ सभी काम एक साथ निपटा लिए जाएं ? क्या संसदीय क्षेत्र में 6 लोगों की मौत जैसे बड़े हादसे को लेकर उनकी यही संवेदनशीलता है ? ये सवाल अगले चुनाव में भी उन्हें परेशान कर सकते हैं।IMG 20261125 WA0611

IMG 20261124 WA1336 1 IMG 20261124 WA1337 1

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button