आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करे पुलिस, एसपी ने किया उमरियापान और स्लीमनाबाद थाने का निरीक्षण, कानून व्यवस्था का लिया जायजा

कटनी, यशभारत। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने थाना उमरियापान एवं थाना स्लीमनाबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, थानों में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य, अभिलेखों के संधारण तथा जनसुनवाई व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थानों के हवालात, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, अपराध रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच की गई। अभिलेखों के संधारण, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण को लेकर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा थाने आने वाले फरियादियों की शिकायतों को संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ सुनने, उनका समुचित रिकॉर्ड संधारित करने एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान रात्रि गश्त व्यवस्था, डायल-112 के रिस्पॉन्स टाइम तथा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण हेतु की जा रही कार्यवाहियों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, सक्रिय अपराधियों पर निगरानी रखने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थानों में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य, साफ सफाई, कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव एवं महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्प डेस्क का भी गहन अवलोकन किया गया। महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ को निर्देशित किया कि आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखें तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।







