भोपाल से करवा चौथ विशेष: सुहागिनों के इंतजार की घड़ी, राजधानी में रात 8:26 बजे होगा चंद्रोदय; बादल बने चुनौती

भोपाल से करवा चौथ विशेष: सुहागिनों के इंतजार की घड़ी, राजधानी में रात 8:26 बजे होगा चंद्रोदय; बादल बने चुनौती
भोपाल, यशभारत। अखंड सौभाग्य और पति की लंबी उम्र का पर्व करवा चौथ इस साल शहर की महिलाओं के लिए विशेष उत्साह लेकर आया है। सुहागिनें दिनभर निर्जला व्रत रखकर रात को चांद के दीदार के साथ अपना व्रत खोलेंगी। हालांकि, इस बार आसमान में बादलों की लुकाछिपी के चलते चांद के दीदार के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।
खगोलीय गणनाओं के मुताबिक, राजधानी भोपाल में रात 8:26 बजे चंद्रमा के क्षितिज से ऊपर आने का अनुमान है। मौसम विभाग और जानकारों के अनुसार, पश्चिमी मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभागों में इस बार आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। ऐसे में मौसम और बादलों की स्थिति को देखते हुए महिलाओं को निर्धारित समय से 10 से 15 मिनट या उससे अधिक अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता है।
बाजारों में रही बंपर रौनक और खरीदारी
करवा चौथ को लेकर भोपाल के न्यू मार्केट, चौक बाजार, बिट्टन मार्केट, एमपी नगर और कोलार रोड समेत तमाम प्रमुख बाजारों में पिछले दो दिनों से जबरदस्त चहल-पहल बनी हुई है। सुहागिनों ने पूजन सामग्री, चलनी, करवा, मिट्टी के दीये के साथ-साथ सोलह श्रृंगार, डिजाइनर साड़ियों और ज्वैलरी की जमकर खरीदारी की है। त्योहार को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सरगी से होगी दिन की शुरुआत
व्रत की शुरुआत सूर्योदय से पहले पारंपरिक ‘सरगी’ खाकर होगी। सास द्वारा दी जाने वाली सरगी में फल, मेवे, मिठाई और फेनी जैसी पौष्टिक चीजें शामिल होती हैं, जो दिनभर के निर्जला उपवास के लिए ऊर्जा प्रदान करती हैं। इसके बाद शाम को महिलाएं गणेश जी, करवा चौथ माता और चंद्र देव की पूजा-अर्चना कर कथा सुनेंगी और रात में चांद को अर्घ्य देकर अपना व्रत पूरा करेंगी।







