मूक-बधिर महिला की हत्या और लूट का खुलासा, रिश्तेदार समेत चार गिरफ्तार
पहचान उजागर होने के डर से की हत्या, सोने का मंगलसूत्र और चांदी की चेन बरामद

पहचान उजागर होने के डर से की हत्या, सोने का मंगलसूत्र और चांदी की चेन बरामद
जबलपुर, यश भारत। खितौला थाना क्षेत्र के दरौलीकला गांव में 55 वर्षीय मूक-बधिर महिला लक्ष्मीबाई राठौर की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले चोरी की योजना बनाई और महिला द्वारा पहचान उजागर किए जाने के डर से उसकी हत्या कर दी।
घटना 2 अक्टूबर की है। लक्ष्मीबाई घर में अकेली थीं। उनके बेटे संजय राठौर को सूचना मिली कि दो युवक घर से निकलकर भागे हैं। घर पहुंचने पर लक्ष्मीबाई कमरे में बंधी हुई मिलीं। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र और घर से चांदी की चेन गायब थी।पुलिस जांच में सामने आया कि कटनी जिले के नन्हवारा कला निवासी संदीप बर्मन ने अपने दो साथियों सुनील बर्मन और संदीप बर्मन के साथ वारदात की योजना बनाई थी। आरोपी संदीप की रिश्तेदार सरिता बर्मन ने कथित तौर पर महिला के घर की पहचान कराई। दो आरोपी घर में घुसे, जबकि तीसरा बाहर मोटरसाइकिल लेकर खड़ा रहा। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर चार मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट और चांदी की चेन जब्त की है।







