केंद्रीय मंत्री के नामांकन का विरोध करने पर भड़के विधायक रामेश्वर शर्मा, कांग्रेस को दी कड़ी चेतावनी

केंद्रीय मंत्री के नामांकन का विरोध करने पर भड़के विधायक रामेश्वर शर्मा, कांग्रेस को दी कड़ी चेतावनी
भोपाल, यशभारत। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नामांकन का विरोध करने और काले झंडे दिखाने के कांग्रेस के ऐलान पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी हमेशा से सिख विरोधी रही है और जब भी सिख समुदाय के किसी व्यक्ति को सम्मान या बड़ा पद मिलता है, तो कांग्रेस बेचैन होकर षड्यंत्र रचने लगती है।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने आरोप लगाया कि 1984 में हजारों निर्दोष सिखों के नरसंहार के बाद भी कांग्रेस ने कभी प्रायश्चित नहीं किया। अब 1 नवंबर को विरोध-प्रदर्शन कर वे एक बार फिर पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमेशा सिखों की रक्षा के लिए खुद को आगे रखा है।
सिख समाज को सनातन संस्कृति और देश की रक्षा करने वाला अभिन्न अंग बताते हुए उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा, तुम काले झंडे दिखाओगे, हम तुम्हारा इलाज करेंगे।







