भोपालः आरटीओ में सर्वर ठप: पोर्टल पर पेमेंट अटकने से लोग परेशान

भोपालः आरटीओ में सर्वर ठप: पोर्टल पर पेमेंट अटकने से लोग परेशान
लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन रिन्यू कराने वालों के हफ्ते बर्बाद
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में ऑनलाइन पोर्टल पर आ रही तकनीकी खामियों के कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वेबसाइट के बार-बार बंद होने और सर्वर डाउन रहने के चलते ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और वाहनों के रजिस्ट्रेशन रिन्यू कराने जैसे जरूरी काम पूरी तरह अटक गए हैं।
पोर्टल पर सबसे बड़ी समस्या पेमेंट न हो पाने की आ रही है। फीस जमा करने की प्रक्रिया के दौरान सर्वर क्रैश हो जाता है या पोर्टल काम करना बंद कर देता है, जिससे आवेदकों के पैसे बीच में ही अटक जाते हैं और प्रक्रिया अधूरी रह जाती है।
हफ्ते भर से चक्कर काटने को मजबूर लोग
अपनी गाड़ियों के कागजात अपडेट कराने या लाइसेंस के लिए पहुंच रहे लोगों का कहना है कि वे बीते कई दिनों से लगातार आरटीओ के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन तकनीकी दिक्कत दूर नहीं हो रही है।
आरटीओकार्यालय पहुंचने के लिए लोगों को अपने काम-धंधे और नौकरी से पूरे दिन की छुट्टी लेनी पड़ती है। सुबह से कतारों में खड़े रहने के बाद भी शाम को सर्वर बंद होने की वजह से लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
वही शहर के दूर-दराज के इलाकों या बाहरी क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को यात्रा की थकान और समय बर्बादी का अलग से सामना करना पड़ रहा है।
पोर्टल में आई इस तकनीकी खराबी के चलते आरटीओ परिसर में रोजाना आवेदकों की भीड़ जमा हो रही है। लोगों ने परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द सर्वर और पोर्टल की इन खामियों को दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और उनके अटके हुए काम समय पर पूरे हो सकें।







