भोपालमध्यप्रदेश

हूती हमले के बाद सऊदी अरब में फंसे मध्यप्रदेश के 300 यात्री, सरकार से लगाई मदद की गुहार

हूती हमले के बाद सऊदी अरब में फंसे मध्यप्रदेश के 300 यात्री, सरकार से लगाई मदद की गुहार

उमरा करने गए यात्रियों की उड़ानें रद्द, वीडियो जारी कर स्पेशल विमान से भारत वापस लाने की अपील

भोपाल, यशभारत।  सऊदी अरब पर हूती हमले के बाद उड़ानें रद्द होने से मध्यप्रदेश के करीब 300 यात्री खाड़ी देशों में फंस गए हैं। इनमें भोपाल, इंदौर, सीहोर और शुजालपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोग शामिल हैं। धार्मिक यात्रा उमरा पर गए यात्रियों ने वीडियो जारी कर केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगाई है और विशेष विमान की व्यवस्था कर सुरक्षित भारत वापस लाने की मांग की है।

यात्रियों का कहना है कि उड़ानें रद्द होने के बाद एयरलाइंस ने उनके टिकट तो कैंसिल कर दिए, लेकिन उनके ठहरने और वापस लौटने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि दूसरी एयरलाइंस से टिकट लेने पर चार से पांच गुना तक अधिक किराया मांगा जा रहा है, जिससे तत्काल वापसी करना मुश्किल हो गया है।
यात्रियों ने मांग की है कि यदि एयरलाइंस की ओर से टिकट रद्द किए जाते हैं, तो यात्रियों के ठहरने और आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक प्रबंध भी किए जाने चाहिए। मौजूदा स्थिति में कई लोग असमंजस में हैं कि वे कब और कैसे अपने घर लौट सकेंगे।

सऊदी अरब में फंसे यात्रियों ने केंद्र सरकार से जल्द हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सरकार विशेष विमान चलाकर उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाए, ताकि वे अपने परिवारों के पास लौट सकें। यात्रियों को उम्मीद है कि सरकार उनकी इस गंभीर समस्या पर जल्द संज्ञान लेते हुए राहत के लिए कदम उठाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button