सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाला मिसरोद टीआई निलंबित, विभागीय जांच शुरू

सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाला मिसरोद टीआई निलंबित, विभागीय जांच शुरू
भोपाल,यश भारत। राजधानी की पुलिस व्यवस्था में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मिसरोद थाने में पदस्थ निरीक्षक रतनलाल सिंह परिहार का एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ड्यूटी के दौरान आदिवासी छात्रों और युवाओं के खिलाफ अनर्गल व अभद्र टिप्पणी करने के इस गंभीर मामले में पुलिस कमिश्नर ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सेवा-आचरण के विपरीत था कृत्य
पुलिस उपायुक्त, जोन-2 द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, निरीक्षक परिहार का यह आचरण पुलिस विभाग की सेवा-आचरण संबंधी अपेक्षाओं के पूरी तरह प्रतिकूल और विभाग की छवि को आहत करने वाला है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, भोपाल रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
15 दिनों में मांगी गई विस्तृत जांच रिपोर्ट
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सहायक पुलिस आयुक्त , एमपीनगर को वायरल वीडियो की पेनड्राइव साक्ष्य के रूप में सौंपते हुए 15 दिवस के भीतर विस्तृत जांच कर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कड़ी विभागीय व वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








