नारियल खेड़ा में पुलिस कमिश्नर ने किया जनसंवाद, सुरक्षा और यातायात सुधार के दिए निर्देश

नारियल खेड़ा में पुलिस कमिश्नर ने किया जनसंवाद, सुरक्षा और यातायात सुधार के दिए निर्देश
भोपाल, यशभारत। राजधानी के गौतम नगर थाना अंतर्गत नारियल खेड़ा चौराहे पर पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने स्थानीय नागरिकों के साथ जनसंवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान नागरिकों ने क्षेत्र की सुरक्षा, बुनियादी पुलिसिंग और यातायात व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। पुलिस कमिश्नर ने नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
संवाद के दौरान स्थानीय निवासियों ने डीआईजी बंगला और सिंधी कॉलोनी चौराहे पर लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए ट्रैफिक सिग्नल लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई। साथ ही नारियल खेड़ा में नई पुलिस चौकी की स्थापना और गीतांजलि कॉलेज चौकी पर नियमित पुलिस बल की तैनाती का मुद्दा भी उठाया गया। स्कूलों के बाहर घूमने वाले आवारा तत्वों पर लगाम कसने के लिए नागरिकों ने छुट्टी के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और डगलस स्कूल के सामने अव्यवस्थित पार्किंग को ठीक करने का आग्रह किया।
सुरक्षा के नजरिए से नागरिकों ने सुझाव दिया कि केवल हेलमेट चेकिंग ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपराधियों पर नकेल कसने के लिए दोपहिया वाहनों की डिग्गी और संदिग्धों की तलाशी भी ली जानी चाहिए। इस पर संज्ञान लेते हुए सीपी ने क्षेत्र के खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल ठीक कराने और सड़क किनारे बाधा बन रहे वाहनों पर कार्रवाई करने की बात कही। नशाखोरी पर प्रहार करते हुए उन्होंने मेडिकल स्टोर्स की समय-समय पर जांच करने के निर्देश दिए और जनता से अपील की कि वे अवैध नशे व हथियारों की जानकारी पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जानकारी देने वालों का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को यातायात नियमों की शपथ दिलाई गई और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई।






