जबलपुरमध्य प्रदेश

पिस्टल से हवाई फायरिंग का वीडियो पड़ा भारी, जब्बार पुलिस के हत्थे चढ़ा

माढ़ोताल फायरिंग मामले में पुलिस की कार्रवाई

जबलपुर,यश भारत। माढ़ोताल क्षेत्र में पिस्तौल से हवाई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जब्बार उर्फ मामू खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वायरल वीडियो में प्रयुक्त पिस्टल और एक कारतूस भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व से 11 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया सेल को कुछ दिन पहले माढ़ोताल के मरघटाई के पास टगर क्षेत्र में पिस्तौल से फायरिंग का वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली थी। वीडियो की तस्दीक में रितिक जायसवाल निवासी टगर मरघटाई और प्रथम सिंह राजपूत निवासी कचनार सिटी विजय नगर नजर आए। रितिक पिस्टल से फायरिंग करता दिखाई दे रहा था।

मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 293/26 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट और 125 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने रितिक और प्रथम को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में रितिक ने बताया कि उसने करीब तीन-चार महीने पहले हनुमानताल निवासी जब्बार से पिस्टल ली थी और घटना से दो दिन पहले उसे वापस कर दी थी। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था।

इसके बाद से पुलिस जब्बार की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। मुखबिरों को भी उसकी तलाश में लगाया गया था। 16 सितंबर की रात सूचना मिलने पर पुलिस ने कृषि उपज मंडी के पास दबिश देकर जब्बार उर्फ मामू खान पिता फारुख खान निवासी हनुमानताल को पकड़ लिया। पूछताछ में जब्बार ने बताया कि उसने घटना में प्रयुक्त पिस्टल पाटन बाईपास सर्विस रोड के किनारे गिट्टी-पत्थरों के नीचे छिपाकर रखी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वहां से पॉलीथीन में रखी एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक जब्बार उर्फ मामू खान के खिलाफ थाना कोतवाली, लार्डगंज, गोहलपुर और हनुमानताल में पूर्व से 11 अपराध पंजीबद्ध हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button