दो मल्टीलेवल पार्किंग, फिर भी रोज जाम से जूझ रहा पुराना शहर

दो मल्टीलेवल पार्किंग, फिर भी रोज जाम से जूझ रहा पुराना शहर
– इब्राहिमपुरा रोड पर सड़क किनारे खड़े वाहनों और अस्थायी कब्जों से बढ़ रही परेशानी
– त्योहारी सीजन में हालात और बिगड़ने की आशंका
भोपाल, यश भारत। पुराने शहर के प्रमुख बाजारों में बढ़ता ट्रैफिक और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। इब्राहिमपुरा रोड पर दो मल्टीलेवल पार्किंग होने के बावजूद मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। पार्किंग की एंट्री और एग्जिट तक पहुंचने में भी वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
दो मल्टीलेवल पार्किंग, फिर भी सड़क पर वाहनों की कतार
इब्राहिमपुरा रोड पर दो मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है लेकिन मुख्य सड़क पर वाहनों की लगातार आवाजाही और कतार के कारण पार्किंग में प्रवेश और बाहर निकलना आसान नहीं है। ऐसे में कई वाहन चालक सड़क किनारे ही वाहन खड़ा कर देते हैं जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और जाम की स्थिति बनती है।
सड़क किनारे खड़े वाहन बढ़ा रहे परेशानी
पार्किंग व्यवस्था के बेहतर संचालन और यातायात प्रबंधन की कमी का असर सड़क पर दिखाई देता है। चार बत्ती चौराहे सहित आसपास के इलाकों में अस्थायी कब्जों के कारण भी यातायात प्रभावित होता है। कब्जे हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अधिकारियों को भी चुनौती का सामना करना पड़ता है।
ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे खड़े वाहनों और अस्थायी कब्जों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है। त्योहारी सीजन में बाजारों में खरीदारों की संख्या बढ़ने के साथ ही ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ जाता है। जाम के कारण पैदल चलने वालों को भी काफी परेशानी होती है।
पुराने शहर के कई बाजारों में यही हाल
पुराने शहर के प्रमुख बाजारों में लगातार बढ़ते ट्रैफिक के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। इब्राहिमपुरा नदीम रोड चौक इतवारा मंगलवारा गिन्नौरी रेतघाट मोती मस्जिद घोड़ा नक्कास जुमेराती छावनी और आजाद मार्केट में भी यातायात दबाव की स्थिति बनी रहती है।
त्योहारी सीजन में बढ़ेगा ट्रैफिक दबाव
त्योहारी सीजन में इन बाजारों में खरीदारों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में यदि समय रहते यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित नहीं किया गया तो जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है। बाजार क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग पैदल यात्रियों की आवाजाही और दुकानों के सामने होने वाले अस्थायी कब्जों को लेकर विशेष व्यवस्था की जरूरत है।
स्थानीय लोगों ने बेहतर यातायात प्रबंधन सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई और अस्थायी कब्जे हटाने की मांग की है। साथ ही लोगों का कहना है कि मल्टीलेवल पार्किंग तक वाहनों की आसान पहुंच सुनिश्चित की जाए ताकि मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम हो और बाजार में आवागमन सुचारु हो सके।







