पाटन-जबलपुर सड़क की बदहाली पर फूटा जनता का आक्रोश, ठाकुर उदयभान सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन, देखे वीडियो….
प्रशासन ने कई मार्गों पर किया ट्रैफिक डायवर्ट

जबलपुर, यश भारत। पाटन-जबलपुर मार्ग की जर्जर हालत, भारी ट्रैफिक, बढ़ती दुर्घटनाओं और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 18 अगस्त को आहूत पाटन बंद का व्यापक असर देखने को मिला। ठाकुर उदयभान सिंह सिनगौरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय निवासी और किसान पाटन पहुंचे। सिविल कोर्ट चौराहे पर प्रदर्शन जारी है। सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ आंदोलन में शामिल हुए और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रमुख मांगें
पाटन-जबलपुर हैवी ट्रैफिक मार्ग को तत्काल बंद किया जाए।
पाटन-जबलपुर फोरलेन का निर्माण शीघ्र शुरू हो।
पाटन-मनकेड़ी मार्ग का निर्माण जल्द प्रारंभ किया जाए।
किसानों को पर्याप्त और समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए।
फसलों की एमएसपी पर खरीदी सुनिश्चित हो।
किसानों को निर्बाध और पर्याप्त बिजली मिले।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
आंदोलन की व्यापकता को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव कर दिया था। जबलपुर से पाटन आने वाले वाहनों को पाटन बाईपास पर ही रोककर डायवर्ट किया गया। शाहपुरा की ओर से आने वाले वाहनों को पाटन से करीब 10 किलोमीटर पहले ही दूसरे मार्ग पर भेजा गया। सागर और कटंगी की ओर से आने वाले वाहनों को भी पाटन से पहले रोककर डायवर्ट किया गया। प्रदर्शन स्थल और आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा तथा प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
आंदोलन को मिल रहा समर्थन
समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन स्थल पर किसानों और क्षेत्रवासियों के पहुंचने का सिलसिला जारी था। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन किसी राजनीतिक हित के लिए नहीं, बल्कि जनहित, किसान हित और पाटन क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगों को लेकर किया जा रहा है।







