कागजों का ‘चमत्कार’: जिनकी जमीन सड़क में गई वे अनजान, जिनका रकबा सुरक्षित उन्हें 1.45 करोड़ के मुआवजे का फरमान

सागर, यशभारत।सागर -दमोह स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण के लिए चल रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में बड़ी लापरवाही और नक्शे की त्रुटि का मामला सामने आया है। आरोप है कि राजस्व विभाग ने ऐसे लोगों को मुआवजा देने के नोटिस जारी कर दिए हैं जिनकी जमीन का अधिग्रहण ही नहीं होना है, जबकि सड़क किनारे स्थित जिन 16 व्यावसायिक प्लॉटों के हिस्से का अधिग्रहण किया जाना है, उनके स्वामियों को समय पर सूचना तक नहीं दी गई। मामला सामने आने के बाद प्रभावित लोगों ने दो दिन पहले एसडीएम कार्यालय की भू-अर्जन शाखा में आपत्तियां दर्ज कराई हैं।
सिदगुवां हल्का में यह है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण के लिए सिदगुवां पटवारी हल्का में कुल 1.570 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है, जिसके तहत कुल 13 भू-स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इसमें खसरा नंबर 529 पर काबिज लगभग 16 लोग प्रभावित हो रहे हैं। आपत्तिकर्ताओं का आरोप है कि उनकी जमीन के बजाय खसरा नंबर 533, 534, 535 व 536 वालों को 1 करोड़ 45 लाख 73 हजार 379 रुपए के मुआवजे के नोटिस थमा दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि यह गड़बड़ी बंदोबस्ती के समय नक्शे में हुई त्रुटि के कारण पैदा हुई है। सिविल लाइन निवासी विकास उपाध्याय ने नक्शे की त्रुटि सुधारने के लिए राजस्व न्यायालय में मामला लगाया था, जिसके खारिज होने के बाद अपर आयुक्त न्यायालय में अपील की गई। तत्कालीन अपर आयुक्त ने 2 सितंबर 2021 को नक्शा सुधार के आदेश दिए थे, लेकिन उन आदेशों पर आज तक अमल नहीं हो सका है।
विकास उपाध्याय: सिदगुवां में सागर-दमोह मुख्य मार्ग से लगे प्लॉट का करीब 20-25 फीट हिस्सा चौड़ीकरण की जद में आ रहा है। उन्होंने बताया कि नोटिस किसी अन्य को भेज दिए गए, जबकि दूसरों से जानकारी मिलने पर लगाई गई आपत्ति स्वीकार कर ली गई है।
नीरज पटैल (मकरोनिया): उनके दादा रामकिशन पटैल ने वर्ष 1982 में सिदगुवां के खसरा नंबर 451 में प्लॉट खरीदा था। वर्ष 1991-92 की बंदोबस्ती में खसरा नंबर 529 हो गया, लेकिन नक्शे की त्रुटि से जमीन आगे-पीछे दर्शाई गई और नोटिस किसी अन्य को जारी कर दिया गया।
प्रकाश जैन (मकरोनिया): परिवार के सदस्यों (राखी जैन, श्वेता जैन और ज्योति जैन) के नाम से सिदगुवां में कुल 4 प्लॉट (करीब 7 हजार वर्गफीट) हैं, जिनमें मुख्य मार्ग से लगी जमीन का अधिग्रहण होना है, पर मुआवजा किसी और को देने की तैयारी है।
अरविंद जैन: पत्नी के नाम से सागर-दमोह मुख्य मार्ग पर प्लॉट है। नक्शे की गलती से प्लॉट पीछे दिखाया जा रहा है। उनके अनुसार इस गड़बड़ी से 16 लोग प्रभावित हैं, 4 लोगों को बिना अधिग्रहण के मुआवजा नोटिस मिले हैं और उनके अलावा आसपास के सभी प्लॉट व्यावसायिक हैं।
2059.85 करोड़ की परियोजना, जांच के बाद बंटेगा मुआवजा
एमपीआरडीसी के संभागीय महाप्रबंधक विनोद तंतुवाय के मुताबिक, सागर से दमोह तक 76 किलोमीटर लंबे मार्ग का 4-लेन (पेव्ड शोल्डर सहित) उन्नयन हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (HAM) के तहत किया जा रहा है। परियोजना की कुल लागत 2059.85 करोड़ रुपए है, जिसमें 707 करोड़ रुपए सिविल वर्क तथा शेष राशि भूमि अधिग्रहण, वनभूमि और अन्य कार्यों पर खर्च होनी है।
इन्होंने कहा….
“राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार भूमि अधिग्रहण के नोटिस जारी किए गए हैं। अभी दावा-आपत्ति ली जा रही है, जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पात्र लोगों को ही मुआवजे की राशि का वितरण किया जाएगा।”
— रोहित वर्मा, एसडीएम, सागर







