चावल घोटाले की आंच के बीच धान खरीदी, जिला प्रशासन सख़्त
अब 85 केंद्रों पर प्रशासन की अग्निपरीक्षा, एक दिसंबर से शुरू होगा उपार्जन

चावल घोटाले की आंच के बीच धान खरीदी
अब 85 केंद्रों पर प्रशासन की अग्निपरीक्षा,
एक दिसंबर से शुरू होगा उपार्जन

तौल से लेकर भंडारण तक सख्ती के निर्देश,
कागजी निगरानी नहीं, स्टॉक और परिवहन की जमीनी जांच जरूरी
कटनी,यशभारत। सरकारी चावल के परिवहन में सामने आई करोड़ों रुपये की कथित गड़बड़ी ने जिले की खाद्यान्न व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 31 ट्रकों से हजारों क्विंटल चावल गायब होने के मामले में एफआईआर के बाद अब प्रशासन के सामने धान खरीदी का बड़ा चुनौतीपूर्ण सीजन है। एक दिसंबर से जिले के 85 केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने जा रही है। ऐसे में जिला प्रशासन इस बार नियमों को लेकर सख्त और सतर्क दिखाई दे रहा है। गुणवत्ता, तौल, आधार सत्यापन और भंडारण को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन असली सवाल यह है कि यह सख्ती केवल आदेशों तक सीमित रहेगी या खरीदी से लेकर परिवहन और मिलिंग तक जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय होगी?
खरीफ विपणन वर्ष के तहत धान खरीदी 20 जनवरी 2027 तक चलेगी। शासन ने समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। जिले में बनाए गए 85 केंद्रों में 49 गोदाम स्तरीय हैं, जिनमें सात ओपन कैप के माध्यम से संचालित होंगे। इसके अलावा 36 समिति स्तरीय केंद्रों पर खरीदी की जाएगी।
तौल और गुणवत्ता पर नजर, स्टॉक का हिसाब भी हो पारदर्शी
प्रशासन ने खरीदी केंद्रों पर सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 से रात 8 बजे तक खरीदी का समय निर्धारित किया है। किसानों को शाम 6 बजे तक तौल पर्ची जारी होगी। निर्धारित दिनों में तौल से छूटे किसानों की उपज शनिवार को तौली जाएगी। धान बेचने के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर ऑनलाइन स्लॉट बुक करना अनिवार्य होगा। स्लॉट सात कार्यदिवस तक वैध रहेगा। किसान अथवा उसके नॉमिनी का आधार ई-केवाईसी सत्यापन भी किया जाएगा।
धान की भरती 40 किलोग्राम निर्धारित की गई है। केंद्रों पर गुणवत्ता के नमूने प्रदर्शित करने और उपज का व्यवस्थित स्टैक लगाने के निर्देश हैं। बारिश में धान खराब होने पर संबंधित उपार्जन समिति की जवाबदेही तय की गई है। लेकिन खरीदी केंद्रों पर दर्ज मात्रा और वास्तविक भंडारित धान का नियमित मिलान भी उतना ही जरूरी है।
चावल घोटाले ने खोली निगरानी व्यवस्था की कमजोरियां
हाल ही में सरकारी चावल के परिवहन में सामने आई कथित गड़बड़ी ने यह सवाल खड़ा किया है कि जब रिकॉर्ड में खाद्यान्न की आवाजाही दर्ज हो सकती है, तो वास्तविक परिवहन और गंतव्य पर उसकी उपलब्धता की निगरानी कितनी प्रभावी है? अब धान खरीदी के दौरान ऐसी किसी भी गड़बड़ी की पुनरावृत्ति रोकना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
खरीदी केंद्रों से गोदामों तक धान पहुंचने, परिवहन वाहनों की जांच, तौल पर्चियों, स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक भंडारण का नियमित भौतिक सत्यापन जरूरी है। केवल पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के भरोसे व्यवस्था छोड़ना जोखिम भरा हो सकता है। खरीदी के बाद मिलिंग और चावल जमा होने तक भी निगरानी की समान व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है।
इस बार चूक की गुंजाइश नहीं
चावल परिवहन प्रकरण के बाद प्रशासन के सामने अपनी निगरानी व्यवस्था की विश्वसनीयता साबित करने की चुनौती है। धान खरीदी में किसानों को परेशानी न हो, उन्हें सही तौल और समय पर भुगतान मिले, यह जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी सरकारी उपज का एक-एक दाना सुरक्षित रखना भी है।
85 केंद्रों पर खरीदी की व्यवस्था बनाना प्रशासनिक तैयारी है, लेकिन इन केंद्रों से निकली धान की मात्रा और आगे जमा होने वाले चावल का हिसाब बराबर रखना असली परीक्षा होगी। सवाल साफ है- क्या प्रशासन की यह सख्ती खरीदी केंद्रों से लेकर गोदाम और मिलों तक पूरे सीजन कायम रहेगी, या फिर गड़बड़ी सामने आने के बाद ही जांच और कार्रवाई का दौर शुरू होगा?







