भोपालमध्य प्रदेश

एडीजी राजाबाबू सिंह के बंगले पर अज्ञात युवकों का हंगामा, जान का खतरा बता मांगी सुरक्षा

एडीजी राजाबाबू सिंह के बंगले पर अज्ञात युवकों का हंगामा, जान का खतरा बता मांगी सुरक्षा

राजधानी में कानून-व्यवस्था पर सवाल: पुलिस ट्रेनिंग में किए गए नवाचारों से नाराज तत्वों पर आशंका, सीसीटीवी फुटेज में डंडा लिए दिखे युवक।

भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस के एडीजी (ट्रेनिंग) राजाबाबू सिंह ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है। भोपाल के पॉश इलाके त्रिलंगा स्थित उनके निजी निवास पर मंगलवार तड़के अज्ञात युवकों द्वारा किए गए हंगामे और अमर्यादित व्यवहार के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एडीजी ने इस संबंध में शाहपुरा थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
तड़के 6 बजे पहुंचे युवक, हाथ में था डंडा
घटना मंगलवार सुबह करीब 6:00 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, एक चार पहिया वाहन से कुछ अज्ञात युवक एडीजी के बंगले के बाहर पहुंचे। युवकों ने वहां गाली-गलौज की और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। फुटेज में एक युवक हाथ में डंडा लिए भी नजर आ रहा है। जब बंगले पर तैनात कर्मचारियों ने उन्हें टोकने की कोशिश की, तो आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
नवाचारों से उपजी रंजिश की आशंका
एडीजी राजाबाबू सिंह ने शाहपुरा पुलिस और भोपाल पुलिस कमिश्नर को लिखे पत्र में इस घटना के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताई है। उनका मानना है कि पुलिस प्रशिक्षण प्रणाली में उनके द्वारा किए जा रहे नवाचारों से कुछ असामाजिक तत्व असहज महसूस कर रहे हैं।
पीएचक्यू और कमिश्नर से सुरक्षा की मांग
एडीजी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय (PHQ) और भोपाल पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर अपने आवास की सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साक्ष्य के तौर पर सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं। शाहपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

प्रशिक्षण में भारतीय सांस्कृतिक और मानवीय मूल्यों के समावेश पर विशेष कार्य किया जा रहा है। संभवतः इसी से प्रभावित होकर कुछ तत्व मुझे निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

राजाबाबू सिंह, एडीजी (ट्रेनिंग)

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button