पूरे भारत में दूसरा स्थान किया प्राप्त : श्रेष्ठ मिश्रा ने राष्ट्रीय आइस स्केटिंग में जीता रजत पदक

मंडला । जिला मुख्यालय से लगे ग्राम हिरदेनगर के 16 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी श्रेष्ठ मिश्रा ने राष्ट्रीय स्तर की स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर मंडला जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है। देहरादून के हिमाद्री आइस रिंक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज कॉम्प्लेक्स में आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स भारत की राष्ट्रीय फिगर एवं स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप में श्रेष्ठ ने यह शानदार उपलब्धि हासिल की।
लगभग 5 डिग्री सेल्सियस के कड़ाके के तापमान और बर्फ के कठिन ट्रैक पर आयोजित अंडर-16 आयु वर्ग की इस प्रतिस्पर्धा में श्रेष्ठ मिश्रा ने अपनी गति, संतुलन और बेहतरीन तकनीक का परिचय देते हुए पूरे भारत में दूसरा स्थान प्राप्त किया। श्रेष्ठ हिरदेनगर के प्रतिष्ठित प्रकाश मिश्रा के पौत्र और अनिल मिश्रा के सुपुत्र हैं। श्रेष्ठ मिश्रा पिछले तीन-चार वर्षों से लगातार आइस स्केटिंग का गहन प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने भंवरताल स्केटिंग कोर्ट एवं स्मॉल वंडर सीनियर सेकेंडरी स्कूल बल्देवबाग में कोच रामकिशोर सोनी के मार्गदर्शन में अभ्यास किया। शुरुआत में बर्फ के ट्रैक पर नियंत्रण पाना और संतुलन बनाना काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन नियमित अभ्यास से उन्होंने अपनी कमियों को दूर कर यह सफलता पाई।
राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करने के बाद अब श्रेष्ठ के आगामी जर्मनी में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने की प्रबल संभावना बन गई है। स्पेशल ओलंपिक्स भारत मध्यप्रदेश के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. दीपांकर बैनर्जी ने श्रेष्ठ के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और अंतरराष्ट्रीय सफर के लिए शुभकामनाएं दी हैं। श्रेष्ठ की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, कोच रामकिशोर सोनी सहित पूरे मिश्रा परिवार और मंडला के खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर है। श्रेष्ठ ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच के मार्गदर्शन, परिवार के निरंतर सहयोग और कड़ी मेहनत को दिया है। उनका अंतिम लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करना है।







