भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

सफाई में निगम कमिश्नर की दोटूक: सिर्फ सजा नहीं, व्यवस्था सुधारने पर हो फोकस, वरना मैदानी अमले पर गिरेगी और गाज

सफाई में निगम कमिश्नर की दोटूक: सिर्फ सजा नहीं, व्यवस्था सुधारने पर हो फोकस, वरना मैदानी अमले पर गिरेगी और गाज

भोपाल, यशभारत। राजधानी की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार अब एक्शन मोड में आ गए हैं। बैरागढ़ के चंचल चौराहे पर निरीक्षण के दौरान गंदगी मिलने पर जोन-1 के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी प्रीतेश गर्ग की दो वेतन वृद्धि संचयी प्रभाव से रोकने और वार्ड-5 के दरोगा योगेश सौदे का एक दिन का वेतन काटने जैसी सख्त कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि निगम प्रशासन अब ढिलाई के मूड में बिल्कुल नहीं है। हुजूर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी हेल्थ ऑफिसर योगेश दुबे को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

लेकिन इस पूरी कार्रवाई के बाद शहर के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में एक बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या सिर्फ नोटिस थमाने और वेतन काटने से शहर की सूरत बदल जाएगी?

दौरों से आगे बढ़कर जमीनी हकीकत पर काम की जरूरत

जानकारों का मानना है कि शहर के कई इलाकों में कचरा उठान और सफाई की व्यवस्था कागजों तक सिमट कर रह जाती है। बैरागढ़ जैसे व्यस्त और प्रमुख चौराहे पर बार-रा बार गंदगी मिलना इस बात का प्रमाण है कि मैदानी स्तर पर मॉनिटरिंग सिस्टम कमजोर है। जब तक वार्ड स्तर पर दरोगाओं और स्वास्थ्य अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं होगी और वे औपचारिकता से बाहर निकलकर खुद फील्ड में नजर नहीं आएंगे, तब तक कागजी कार्रवाई से स्थायी सुधार की उम्मीद करना बेमानी है।

संसाधनों और मॉनिटरिंग की है दरकार

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि कई बार कचरा गाड़ियों के समय पर न पहुंचने या डस्टबिन की कमी के कारण लोगों को मजबूरी में खुले में कचरा फेंकना पड़ता है। कमिश्नर की सख्ती अपनी जगह सही है, लेकिन अमले को संसाधनों से लैस करने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने पर भी उतना ही जोर देना होगा।

प्रवेश द्वार के विकास के साथ स्वच्छता भी जरूरी

बैरागढ़ के निरीक्षण के बाद कमिश्नर ने फंदा पहुंचकर भोपाल के पहले प्रवेश द्वार के विकास कार्यों का जायजा लिया और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। भोपाल को सुंदर और आधुनिक बनाने के लिए प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण जरूरी है, लेकिन बाहर से आने वाले मेहमानों और पर्यटकों का स्वागत करने वाले इन रास्तों पर यदि गंदगी और लापरवाही के निशान दिखेंगे, तो शहर की छवि पर असर पड़ना लाजमी है। कमिश्नर की इस सख्ती के बाद अब देखना यह होगा कि मैदानी अमला इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button