कोदो की रोटियां खाने से एक ही परिवार के छह लोग बीमार, मेडिकल कॉलेज रेफर, देखे वीडियो ……

जबलपुर, यश भारत। सिहोरा तहसील के मोहसाम गांव में कोदो के आटे से बनी रोटियां खाने के बाद एक ही परिवार के छह सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को तेज सिरदर्द, उल्टी, बेहोशी और शरीर में झटके आने की शिकायत हुई। हालत गंभीर होने पर उन्हें सिहोरा के शासकीय सिविल अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात सिकंदर भाईजान के घर कोदो के आटे की रोटियां बनाई गई थीं। परिवार के सदस्यों ने भोजन किया और करीब एक से डेढ़ घंटे बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। एक साथ छह लोगों की हालत खराब होने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर एंबुलेंस पहुंची और रात करीब 10:30 बजे सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।
सिहोरा अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन मरीजों की हालत में सुधार नहीं हुआ। लगातार बेहोशी और शरीर में झटके आने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर भोजन से तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।







