नागपुर भागने की तैयारी में थे नौशाद के हत्यारे, आईएसबीटी से पुलिस ने दबोचा

जबलपुर, यशभारत। हनुमानताल थाना क्षेत्र के चारखंबा इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर 17 वर्षीय किशोर नौशाद उर्फ डी की बेरहमी से हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों और तीन विधि विवादित बालकों सहित कुल सात को पकड़ लिया है। आरोपियों ने किशोर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला करने के साथ ही उसके सिर पर चीप पटककर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पांच चाकू, बिना नंबर की दो मोटरसाइकिल और एक एक्सिस वाहन बरामद किया है।
दो माह पुरानी मारपीट का बदला लेने पहुंचे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को चारखंबा बारात घर के पास नौशाद अपने साथियों के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से रेहान, मेहराज और एक किशोर वहां पहुंचे। तीनों के हाथों में चाकू थे। कुछ ही देर में आमीन, जैनुल और एक अन्य किशोर भी वहां आ गए। इसके बाद सभी ने नौशाद पर चाकुओं से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए नौशाद पास की गली की तरफ भागा, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और घसीटते हुए चारखंबा बारात घर के नीचे शानू के कबाड़खाने के सामने ले आए। यहां सभी आरोपियों ने नौशाद को घेरकर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए। इसी दौरान जैनुल ने एक चीप उठाकर उसके सिर पर पटक दी।
भाई से मारपीट के बाद चल रही थी रंजिश
बताया गया है कि करीब दो माह पहले नौशाद के भाई ने रेहान और जैनुल के साथ मारपीट की थी। इसी घटना के बाद से नौशाद और आरोपियों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद नौशाद के परिजन और साथी उसे ई-रिक्शा से विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नागपुर भागने की फिराक में थे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-3 मनीष भारद्वाज एवं सीएसपी गोहलपुर शशांक सिंह के मार्गदर्शन में हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान एक अन्य 17 वर्षीय किशोर की संलिप्तता भी सामने आई। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि सभी आरोपी नागपुर भागने की तैयारी में आईएसबीटी बस स्टैंड के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों वयस्क आरोपियों और तीन विधि विवादित बालकों को पकड़ लिया।
कब्रिस्तान और मैदान में छिपाए थे हथियार
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद भागते समय एक चाकू और बिना नंबर की स्प्लेंडर व यामाहा मोटरसाइकिल मंडी मदार टेकरी कब्रिस्तान में छिपाई थी। वहीं तीन चाकू और बिना नंबर की एक्सिस कटरा स्थित श्मशान घाट में तथा एक चाकू कटरा-अधारताल मैदान में छिपाया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सभी स्थानों से पांच चाकू, दो मोटरसाइकिल और एक एक्सिस बरामद कर जब्त कर ली।
पुलिस ने प्रकरण में रेहान अहमद अंसारी (19), आमीन मंसूरी (21), मेराज अली उर्फ मेहराज (19) और जैनुल आब्दीन (20) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं तीन विधि विवादित बालकों के संबंध में किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है।






