कटनी

अतिक्रमण अधिकारी हटाए गए, धरनास्थल पर विधायक ने निगमायुक्त से बात कर दी जानकारी, शिकायतों की तीन दिन में होगी जांच

कटनी, यशभारत। नगर निगम गेट पर 6 घंटे चले अधिवक्ताओं के प्रदर्शन के बाद नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने विधायक संदीप जायसवाल से फोन पर बात करते हुए बताया कि अतिक्रमण अधिकारी मानवेन्द्र सिंह को तत्काल पद से हटा दिया है। वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जेन के साथ कि गई अभद्रता को लेकर तीन दिन के भीतर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि कुछ अधिवक्ता इस बात पर अड़े हुए हैं की नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार को यहां आकर कार्रवाई की जानकारी देना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन के साथ नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के कर्मचारियों द्वारा कथित अभद्रता के विरोध में शुरू हुआ अधिवक्ताओं का आंदोलन गुरुवार को गंभीर रूप लेता नजर आया। नगर निगम कार्यालय के सामने पांच घंटे से अधिक समय तक चले धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। हालात उस समय और बिगड़ गए, जब आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इसके चलते निगम परिसर के भीतर मौजूद महिला कर्मचारी और अपने जरूरी कामों से पहुंचे आम नागरिक अंदर ही फंस गए। मुख्य गेट बंद होने से परिसर के भीतर भी असहज और तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। एक ओर नगर निगम के बाहर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही, वहीं दूसरी ओर निगम परिसर के भीतर मौजूद कर्मचारी और नागरिक बाहर निकलने के लिए परेशान होते रहे। शहर के प्रमुख मार्ग पर लगे लंबे जाम का सबसे ज्यादा खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ा। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के बाद घर लौट रहे मासूम बच्चे घंटों जाम में फंसे रहे। महिलाएं, बुजुर्ग, राहगीर और अस्पताल जाने वाले मरीज व उनके परिजन भी आवागमन बाधित होने से हलकान होते रहे। पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल नगर निगम और जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका को लेकर खड़ा हुआ। पांच घंटे से अधिक समय तक शहर की यातायात व्यवस्था बाधित रहने और निगम परिसर में तालाबंदी जैसी स्थिति बनने के बावजूद वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी नजर नहीं आई। कलेक्टर, एडीएम, एसडीएम और तहसीलदार जैसे जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी को लेकर भी सवाल उठने लगे। वहीं निगम आयुक्त तपस्या परिहार की ओर से भी प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित करने और गतिरोध समाप्त कराने की पहल अपेक्षित रही।
जानकारों का मानना है कि ऐसे संवेदनशील हालात में प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत करनी चाहिए थी, ताकि विवाद का समाधान निकालने के साथ ही आम नागरिकों को हो रही परेशानी से बचाया जा सके। कार्यालय में बैठकर स्थिति पर नजर रखने के बजाय मौके पर मौजूद रहकर कानून-व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की निगरानी करना अधिक जरूरी था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button