बकरा व्यापारी से 18 लाख की लूट का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार13.50 लाख नकद समेत 33.40 लाख का माल बरामद, दो आरोपी वारदात से एक दिन पहले ही जेल से आए थे बाहर

बकरा व्यापारी से 18 लाख की लूट का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
13.50 लाख नकद समेत 33.40 लाख का माल बरामद, दो आरोपी वारदात से एक दिन पहले ही जेल से आए थे बाहर
भोपाल,यश भारत। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में बकरा व्यापारी के साथ हुई करीब 18 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले का देहात पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 50 हजार रुपये नकद, कपड़े, बाइक और क्रेटा कार सहित कुल 33 लाख 40 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दो ऐसे आरोपी भी शामिल हैं, जो लूट की वारदात से महज एक दिन पहले ही जेल से रिहा हुए थे। वहीं, आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इनके खिलाफ पहले से कुल 74 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में बकरा व्यापारी के साथ हुई इस लूट की वारदात के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जांच और पड़ताल के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया। आरोपियों से लूट की रकम और वारदात से जुड़े अन्य सामान की बरामदगी की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में उनकी भूमिका और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।







