रेलवे कर्मचारी ने की थी कमल नेपाली की हत्या – बागसेवनिया पुलिस ने किया मामले का खुलासा

रेलवे कर्मचारी ने की थी कमल नेपाली की हत्या
– बागसेवनिया पुलिस ने किया मामले का खुलासा
– तंत्र-मंत्र और अप्राकृतिक कृत्य के राज़ आए सामने
भोपाल यशभारत। बागसेवनिया थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय कमल नेपाली की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस हत्या के पीछे आरोपी कोई और नहीं बल्कि 60 वर्षीय रेलवे कर्मचारी ओमप्रकाश निकला है, जो लंबे समय से तंत्र-मंत्र और अप्राकृतिक कृत्यों में संलिप्त था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ओमप्रकाश रेलवे में नौकरी करने के साथ-साथ तंत्र-मंत्र का अभ्यास करता था। लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने और युवाओं को बहकाने के लिए वह ढोंग रचता था। जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश अप्राकृतिक कृत्य करने से पहले स्वयं को किन्नर के रूप में प्रस्तुत करता था और इसी बहाने युवकों को अपनी गिरफ्त में लेता था।
युवकों को देता था लालच
आरोपी युवाओं को पैसों और शराब का लालच देकर अपने सरकारी आवास पर बुलाता था। कई बार वह भोले-भाले युवाओं को अपनी बातों में उलझाकर उन्हें तंत्र-मंत्र का झांसा भी देता था। इसी बहाने वह युवकों को अप्राकृतिक कृत्य करने के लिए मजबूर करता था। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले ओमप्रकाश ने एक युवक के गुप्तांग काट दिए थे। यह घटना भी उसके विकृत मानसिकता को उजागर करती है।
मृतक कमल नेपाली को बनाया था सेवादार
पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक कमल नेपाली को आरोपी ने अपने घर पर सेवादार बनाकर रखा था। आरोपी उस पर भी अप्राकृतिक कृत्य करने का दबाव बनाता था। जब कमल ने उसकी गंदी हरकतों का विरोध किया तो ओमप्रकाश ने उसकी हत्या कर दी। शव मिलने के बाद पुलिस ने जब मामले की गहराई से जांच की तो इस पूरी वारदात की सच्चाई सामने आई।
मोबाइल से मिले तंत्र-मंत्र के वीडियो
पुलिस ने जब आरोपी का मोबाइल जब्त किया तो उसमें तंत्र-मंत्र करने से जुड़ी कई आपत्तिजनक वीडियो और फोटो मिले। इससे साफ हो गया कि आरोपी लंबे समय से इन गतिविधियों में लिप्त था। यही नहीं, स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि ओमप्रकाश साधु की भैंस पर भी नजर डालता था और अजीबोगरीब हरकतें करता था।
हत्या की वजह और पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ओमप्रकाश बार-बार कमल नेपाली को अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। जब उसने इनकार किया तो आरोपी ने गुस्से में उसकी हत्या कर दी। बागसेवनिया थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या, अप्राकृतिक कृत्य और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
लोगों में दहशत
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। लोगों का कहना है कि वे कभी नहीं सोच सकते थे कि एक रेलवे कर्मचारी और तंत्र-मंत्र करने वाला व्यक्ति इस कदर खतरनाक अपराधी हो सकता है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न जुटा सके।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है
कमल नेपाल की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की गई है जो तथ्य सामने आए हैं उसके आधार पर जांच आगे की जा रही है।
– अमित सोनी, टीआई, बागसेवनिया






