
जबलपुर, यश भारत। हनुमानताल थाना क्षेत्र में विगत दिनों आधी रात मूर्तिकार की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी सुमित चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं गिरफ्तार की गई महिला आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि मूर्तिकार की हत्या की साजिश पहले से रची गई थी। बताया जा रहा है कि महिला ने अपने पति के साथ मिलकर सुमित चौधरी और उसके कुछ साथियों को मूर्तिकार की हत्या की सुपारी दी थी। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
मामले में महिला के पति की भूमिका भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं रिमांड पर लिए गए सुमित चौधरी से पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों, हत्या की वजह और सुपारी से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।







