
महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने भ्रामक खबरों का किया खंडन, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील,,देखे वीडियो
उज्जैन,यश भारत । नागपंचमी, सावन सोमवार और भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी एक ही दिन होने के कारण उज्जैन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस बीच कुछ मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महाकालेश्वर मंदिर में अफरातफरी और अव्यवस्था से संबंधित भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं। मंदिर प्रबंध समिति ने इन खबरों का पूर्णतः खंडन किया है।
समिति के अनुसार, पर्वों के संयोग के चलते श्रद्धालुओं की संख्या अत्यधिक रही। अब तक करीब 6.19 लाख श्रद्धालु भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर चुके हैं। विभिन्न मार्गों पर लंबी कतारें होने के बावजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मंदिर प्रबंध समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट एवं भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। श्रद्धालु केवल मंदिर प्रबंध समिति और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें तथा अपुष्ट खबरों को साझा करने से बचें।
समिति ने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाजनक दर्शन को प्राथमिकता देते हुए मंदिर परिसर एवं दर्शन मार्गों पर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।







