
लोकल की भीड़ ने छीनी 12वीं के छात्र की जिंदगी
– परीक्षा के पहले दिन डोंबिवली में दर्दनाक हादसा
डोंबिवली, यश भारत डोंबिवली से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। बारहवीं की परीक्षाएं शुरू होते ही, पहले ही पेपर के दिन लोकल ट्रेन की अत्यधिक भीड़ एक छात्र की जान ले बैठी। डोंबिवली निवासी 18 वर्षीय छात्र सोहम सचिन कथारे की चलती लोकल से गिरने के कारण मौत हो गई।
यह दर्दनाक घटना सोमवार सुबह करीब 9.15 बजे कलवा–मुंब्रा रेलवे स्टेशनों के बीच घटी। बताया गया कि सोहम अपने घर से 12वीं के पहले पेपर के लिए निकला था। लोकल ट्रेन के डिब्बे में असहनीय भीड़ के कारण उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर पड़ा। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इसी हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सोहम कलवा स्थित न्यू कळवा हाईस्कूल में 12वीं विज्ञान (साइंस) का छात्र था। उसकी असामयिक मृत्यु ने न सिर्फ उसके परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है, बल्कि मुंबई उपनगरीय लोकल ट्रेनों में रोज़ाना होने वाली भीड़ और यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।







