तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से चाचा-भतीजा समेत चार की मौत, मातम में डूबे परिवार
कौशांबी में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा

प्रयागराज। यूपी में संगम नगरी के पड़ोसी जिले कौशांबी में गुरुवार रात हुआ दर्दनाक सड़क हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर गया कि आखिर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कब तक लोगों की जान लेती रहेगी। करारी थाना क्षेत्र के अर्क गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
बताया जा रहा है कि पांचों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि ट्रॉली पलट गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राहुल (14), आकाश सरोज (25), अमन (22) और छोटू को मृत घोषित कर दिया। घायल विकास कैथवाल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक आकाश और अमन रिश्ते में चाचा-भतीजे बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। घटना की सूचना पर एसपी और सीओ समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है।
यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं बल्कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का खौफनाक परिणाम भी है। एक बाइक पर पांच लोगों का सफर और दूसरी ओर तेज रफ्तार वाहन, इन दोनों लापरवाहियों ने चार घरों के चिराग बुझा दिए। सड़क पर छोटी सी असावधानी भी कभी-कभी जिंदगी भर का दर्द बन जाती है।







