त्योहारों से पहले शहर के बाजारों में बढ़ी भीड़,ट्रैफिक पुलिस ने बनाए 24 कट पॉइंट
जबलपुर, यश भारत

जबलपुर, यश भारत। त्योहारों के मद्देनजर शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए पुलिस और यातायात विभाग ने बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को ईद और 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार है। इसके साथ ही प्रमुख त्योहारों की शुरुआत हो रही है, जिसके चलते बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। बड़ा फुहारा और आसपास के बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि बड़ा फुहारा के आसपास कोतवाली, लार्डगंज, गोहलपुर और बेलबाग थाना क्षेत्रों में कुल 24 ऐसे पॉइंट चिन्हित किए गए हैं, जहां कट पॉइंट लगाकर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। इन स्थानों पर व्यवस्था बनाने से ई-रिक्शा और अन्य अवांछित वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जा सकेगा, जिससे आम लोगों को बाजार में सुरक्षित तरीके से खरीदारी करने में परेशानी न हो।







