
बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा: खराब बस ठीक कर रहे चालक की मौत, तेज रफ्तार डीसीएम ने मारी टक्कर
बाराबंकी। जनपद के रसौली क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी बस चालक की मौत हो गई। खराब बस को सड़क किनारे खड़ा कर उसकी मरम्मत कर रहे चालक को तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार सफदरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रसौली गांव के पास स्थित विक्की ढाबे के निकट वैशाली एक्सप्रेस की बस संख्या NL 07 B 0898 में तकनीकी खराबी आ गई थी। बस चालक अमित कुमार बस को हाईवे किनारे खड़ा कर नीचे लेटकर खराबी ठीक कर रहा था। इसी दौरान अयोध्या की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम संख्या RJ 11 GD 5121 ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के नीचे मौजूद चालक अमित कुमार गंभीर रूप से कुचल गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित कुमार पुत्र राजवीर शर्मा निवासी तिरुपुर, थाना लवेदी, जनपद इटावा के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना पर थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया, चौकी प्रभारी ऋषभ सिंह चंदेल, सीसीटीएनएस प्रभारी प्रवीण सिंह, उपनिरीक्षक जहीर खान व कांस्टेबल हरिकांत यादव मौके पर पहुंचे। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) रितेश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था बहाल कराने के निर्देश दिए।
दुर्घटना के बाद लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर करीब आधे घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और डीसीएम को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
हादसे में डीसीएम चालक भी घायल हुआ है, जिसे एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







