
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर हुए चर्चित आरडीएक्स हमले के आरोपी और माफिया दिलीप मिश्र पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को नैनी पुलिस ने प्रयागराज के छिवकी इलाके में स्थित दिलीप मिश्र की लगभग 43 लाख रुपये कीमत की संपत्ति को डुगडुगी पिटवाकर कुर्क कर लिया। इस कार्रवाई के बाद माफिया के छिपे समर्थकों और आर्थिक मददगारों में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि कुर्क की गई संपत्ति अपराध से अर्जित धन से बनाई गई थी। नैनी कोतवाली क्षेत्र स्थित इस प्रॉपर्टी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन का दावा है कि हिस्ट्रीशीटर दिलीप मिश्र ने अवैध गतिविधियों के जरिए करोड़ों की संपत्ति अर्जित की थी, जिसकी जांच लगातार जारी है। माफिया दिलीप मिश्र के खिलाफ हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर समेत करीब 54 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्ष 2010 में बसपा शासनकाल के दौरान कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर हुए आरडीएक्स हमले के साजिशकर्ता के रूप में सुर्खियों में आया था।
फिलहाल वह वर्ष 2020 से फतेहगढ़ जेल में बंद है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अपराध और माफिया तंत्र के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं इस बड़ी कार्रवाई के बाद माफिया से जुड़े नेटवर्क में बेचैनी बढ़ गई है। माफिया एवं हिस्ट्रीशीटर दिलीप मिश्र के अवैध रूप से अर्जित किए गए नैनी के दाउदनगर छिवकी में लगभग 43 लाख रुपए के प्रॉपर्टी को कुर्क करते हुए पुलिस ने डुगडुगी पिटवाते हुए मुनादी कराई। कार्रवाई के दौरान एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह, नैनी इंस्पेक्टर बृज किशोर गौतम सहित दलबल मौजूद रहे। बताते हैं कि माफिया एवं हिस्ट्रीशीटर दिलीप मिश्र के अन्य प्रॉपर्टी, जो अवैध रूप से अर्जित किया गया है। उस पर भी जल्द कार्रवाई होगी। जिसकी तैयारी जारी है।







