देश की आर्थिक और राजनीतिक स्थिति पर अजय राय का हमला, केंद्र और यूपी सरकार को घेरा
उत्तर प्रदेश में हुए मंत्रिमंडल विस्तार पर भी अजय राय ने सवाल उठाए

लखनऊ | लखनऊ में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Ajay Rai ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के अंदर दिन-प्रतिदिन हालात खराब होते जा रहे हैं और आम जनता लगातार महंगाई व आर्थिक दबाव का सामना कर रही है अजय राय ने कहा कि विदेशी मुद्रा भंडार और क्रूड ऑयल जैसे मुद्दों पर सरकार की नीतियां विफल साबित हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार खेती और किसानों के मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि Rahul Gandhi देश की वास्तविक स्थिति जनता के सामने ला रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi पर हमला बोलते हुए कहा कि देश को गुमराह करने का काम प्रधानमंत्री ने किया है। अजय राय ने गुजरात में दिए गए प्रधानमंत्री के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें एक साल तक गहने न खरीदने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि देश में इस समय बेटियों की शादियां चल रही हैं और ऐसे बयान आम लोगों की भावनाओं को प्रभावित करते हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री Indira Gandhi का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने देशहित में अपने गहने तक दान कर दिए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपने वाहनों के काफिले को कम करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार को फिजूल खर्ची रोकनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश में हुए मंत्रिमंडल विस्तार पर भी अजय राय ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने मंत्रिमंडल विस्तार कर जनता पर और आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है। जनता के टैक्स के पैसे से डीजल-पेट्रोल का खर्च उठाया जा रहा है और मंत्री सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और सरकार को जवाब देना होगा।







