
जबलपुर, यशभारत। अगस्त के अंतिम सप्ताह में ट्रांसफार्मर एवं एलटी सर्किट बंद कर विद्युत आपूर्ति काटे गए क्षेत्रों में बिजली विभाग ने शिविर लगाकर बकायादार उपभोक्ताओं को बिल की राशि किस्तों में जमा करने का अवसर दिया। 31 अगस्त को शहर के 12 चिन्हित ट्रांसफार्मरों से जुड़े क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बकाया होने पर करीब 2000 से अधिक कनेक्शनों की बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। इनमें गुरंदी मछली मार्केट, मदारटेकड़ी टेड़ीनीम, भरतीपुर चर्च, मोहनिया, प्रभात नगर, चमन नगर, शिवराजपुर, भिटौली और उजारपुरवा सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। विभाग ने स्थानीय पार्षदों और नागरिकों को सूचना देकर शिविर लगाए, जहां उपभोक्ताओं को किस्तों में भुगतान की सुविधा दी गई।शिविरों में लोक अदालत के पूर्व बिजली चोरी एवं अन्य संबंधित प्रकरणों में आवश्यकतानुसार बिल संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि 70-80 प्रतिशत उपभोक्ताओं द्वारा बिल जमा नहीं किए जाने पर विभाग ने कई बार अवसर दिया है। इसके बाद भी भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ पुनः सख्त कार्रवाई की जाएगी।






