कटनी

अवैध मादक पदार्थ के विरूद्ध कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 2 किलो से अधिक गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, जीजा के कहने पर बेचता था गांजा

कटनी, यशभारत। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों के विरूद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देशित किया गया है। जिसके पालन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में गांजा, स्मैक, नाईट्रावेट एवं अवैध शराब सहित अन्य मादक पदार्थों के विरूद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय को मुखबिर तंत्र के माध्यम से सूचना प्राप्त हो रही थी कि सिविल लाईन एवं गायत्री नगर पुलिया के आसपास गांजा की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर विक्रय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर फील्ड स्टाफ को उक्त क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चैकिंग हेतु निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में 8 सितम्बर को थाना मोबाइल द्वारा क्षेत्र में पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान गायत्री नगर पुलिया, रेल्वे पंप रोड के पास एक व्यक्ति सुनसान स्थान पर पेड़ के नीचे सफेद रंग का थैला लिए बैठा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को अपनी ओर आता देख वह घबराकर थैला उठाकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे हमराह स्टाफ द्वारा घेराबंदी कर रोक लिया गया। संदेही से नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम चूड़ामणि दुबे पिता दुर्गा शंकर दुबे, उम्र 35 वर्ष, निवासी झलवारा बताया। अचानक भागने का कारण पूछने पर वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका तथा अपने पास रखे थैले को छिपाने का प्रयास करने लगा। थैले की तलाशी लेने पर एक पन्नी के अंदर डंठलनुमा अवैध मादक पदार्थ गांजा रखा होना पाया गया।
मौके पर तौल करने पर गांजे की कुल मात्रा 2.188 किलोग्राम, जिसकी अनुमानित कीमत 20,000 रुपये है, पाई गई। आरोपी चूड़ामणि दुबे के विरूद्ध वैधानिक करते हुए अप.क्र. 1021/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्ध किया जाकर विवेचना में लिया गया है।

पूछताछ में जीजा द्वारा गांजा उपलब्ध कराने का खुलासा

आरोपी चूड़ामणि दुबे से गांजे के संबंध में पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसके जीजा सुरेश तिवारी, निवासी सिविल लाईन द्वारा उसे गांजा बेचने के लिए दिया जाता है। गांजा बेचने के बाद प्राप्त राशि वह अपने जीजा सुरेश तिवारी को दे देता है। आरोपी के मेमोरेण्डम के आधार पर सुरेश तिवारी को भी मामले में नामजद आरोपी बनाया गया है। कार्यवाही की भनक लगते ही सुरेश तिवारी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

आदतन अपराधी है सुरेश तिवारी

थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि सिविल लाईन एवं गायत्री नगर पुलिया के आसपास गांजा की पुड़िया बेचने की लगातार जानकारी मिल रही थी, जिस पर पुलिस द्वारा विशेष निगाह रखी जा रही थी। इसी दौरान झलवारा निवासी चूड़ामणि दुबे को गांजा सहित गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने जीजा सुरेश तिवारी के माध्यम से गांजा बेचने की जानकारी दी गई है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि सुरेश तिवारी थाना क्षेत्र का आदतन अपराधी है। थाना कोतवाली कटनी के वर्ष 2022 के एक मामले में माननीय न्यायालय द्वारा उसे 10 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 1 लाख रुपये के अर्थदण्ड से दंडित किया गया है। वर्तमान में वह माननीय न्यायालय से जमानत पर है। उसके द्वारा जमानत की शर्तों का उल्लंघन करते हुए पुनः अपराध घटित किया गया है। आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं तथा पूर्व के अपराधों में जमानत निरस्तीकरण की कार्यवाही भी अमल में लाई जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस द्वारा अवैध शराब, गांजा, स्मैक, नाईट्रावेट सहित अन्य मादक पदार्थों के विरूद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस कार्यवाही में विशेष भूमिका

कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उनि. कुलदीप सिंह, प्र.आर. विरेन्द्र तिवारी, आर. अजय प्रताप सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह एवं रोहित राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button