सागर जहरीली शराब त्रासदी : दोषियों को होगी फांसी तक की सजा, सीएम मोहन यादव ने प्रशासन को दिया फ्री हैंड… देखें पूरा वीडियो

सागर, यशभारतl सागर में हुए दर्दनाक जहरीली शराब कांड के बाद जिले में पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए प्रशासन को ‘फ्री हैंड’ देने का ऐलान करते हुए स्पष्ट किया कि इस सामाजिक त्रासदी में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
फांसी तक का प्रावधान, बनेगी नज़ीर
घटना को बेहद दुखद और गंभीर बताते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि अवैध शराब के मामलों से निपटने के लिए सरकार ने बेहद सख्त कानून बनाया है, जिसमें दोषियों के लिए फांसी तक का प्रावधान शामिल है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मामले में ऐसी कठोर कार्रवाई की जाएगी, जो भविष्य में अपराधियों के लिए एक नज़ीर बनेगी और इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकेगी।
अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर, चलेगा नशामुक्ति अभियान
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नशामुक्ति अभियान को बड़े पैमाने पर चलाने के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब कारोबार में लिप्त जिन लोगों ने सरकारी या अन्य जमीनों पर अवैध अतिक्रमण कर रखा है, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
राजनीति से ऊपर उठकर काम करने की अपील
मामले में हो रही बयानबाजी पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री ने राजनीतिक दलों से एकजुटता की अपील की। उन्होंने कहा, “यह सामाजिक रूप से अत्यंत गंभीर घटना है, इसमें भाजपा या कांग्रेस करने के बजाय सभी को एक साथ आना होगा। नशे के खिलाफ इस लड़ाई में केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को भी आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।”







