रीवा लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: ₹4,800 की रिश्वत लेते पटवारी और सर्वेयर रंगे-हाथ गिरफ्तार

रीवा यश भारत। लोकायुक्त संभाग रीवा ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक निर्णायक ट्रैप कार्रवाई को अंजाम देते हुए बड़ोखर ग्राम के पटवारी हंसराज पटेल और सर्वेयर आशुतोष त्रिपाठी को ₹4,800 की रिश्वत लेते हुए रंगे-हाथों गिरफ्तार कर लिया।
क्या था मामला
बड़ोखर निवासी राजेंद्र साहू ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक (SP) को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने अपनी पत्नी श्यामवती साहू के नाम 0.091 हेक्टेयर भूमि खरीदी थी। इस भूमि के नक्शा तरमीम (Map Correction) और नामांतरण (Mutation) जैसे अनिवार्य राजस्व कार्यों को करने के लिए पटवारी हंसराज पटेल द्वारा उनसे ₹6,000 की रिश्वत की मांग की गई थी
ट्रैप और गिरफ्तारी
शिकायत मिलने पर, लोकायुक्त संभाग रीवा ने शिकायत का सत्यापन करवाया, जिसमें यह पुष्टि हुई कि दोनों अधिकारी (पटवारी और सर्वेयर) संयुक्त रूप से ₹4,800 की रिश्वत राशि की मांग कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर, उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार और निरीक्षक एस. राम मरावी सहित 12 सदस्यीय एक विशेष ट्रैप दल का गठन किया गया। आज जैसे ही शिकायतकर्ता ने पटवारी हंसराज पटेल और सर्वेयर आशुतोष त्रिपाठी को रिश्वत की राशि ₹4,800 दी, लोकायुक्त दल ने उन्हें तत्काल मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







