माखनलाल विश्वविद्यालय की तीसरी मंजिल से गिरा छात्र, हालत गंभीर

माखनलाल विश्वविद्यालय की तीसरी मंजिल से गिरा छात्र, हालत गंभीर
भोपाल, यशभारत। राजधानी के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में आज गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में जनसंचार विभाग का एक छात्र तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गया। छात्र को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है, जिसमें दुर्घटना के अलावा आत्महत्या और किसी संभावित साजिश के पहलू पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मास्टर इन मास कम्युनिकेशन प्रथम सेमेस्टर का छात्र दिव्यांश चौकसे (निवासी रायसेन) क्लास से निकलकर तीसरी मंजिल की बालकनी पर गया था। अचानक वह नीचे गिर गया। गिरने की तेज आवाज सुनकर परिसर में मौजूद अन्य छात्र और स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे। छात्र को लहूलुहान अवस्था में देखकर तत्काल उसे हजेला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया। सूत्रों के अनुसार, दिव्यांश को सिर, सीने और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
रातीबड़ थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर छानबीन शुरू कर दी है। दुर्घटना के पीछे की सही वजह का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस की जाँच केवल पैर फिसलने को आधार मानकर नहीं की जा रही है, बल्कि छात्र के गिरने के पीछे किसी आत्महत्या के प्रयास या किसी बाहरी साजिश की संभावनाओं को भी टटोला जा रहा है। पुलिस विश्वविद्यालय के अन्य छात्रों और स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पहले की गतिविधियों की जानकारी मिल सके।







