देश

भाजपा : जिला कोर कमेटी का बदलेगा स्वरूप, भाजपा संगठन में बदलाव की तैयारी, अब लापरवाह पदाधिकारी बदले जाएंगे, नए लोगों को मौका, कटनी विकास प्राधिकरण में भी शीघ्र नियुक्ति के आसार

कटनी, यशभारत। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी अपने संगठनात्मक ढांचे को अधिक सक्रिय, अनुशासित और जवाबदेह बनाने की तैयारी में है, इसका असर जल्द ही कटनी में देखने मिल सकता है। कटनी में जिला संगठन के कामकाज को लेकर भोपाल में लगातार शिकायतें पहुंची है। इसके अलावा यहां एक ही गुट के लोगों को पदों की मलाई सौंप दी गई है। क्षेत्र के सांसद की कृपा से दूसरी बार जिलाध्यक्ष पाने के बाद वर्तमान जिलाध्यक्ष ने केवल सांसद के समर्थकों को ही महत्व दिया। भाजपा के बाकी कार्यकर्ता आज भी खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि अब जल्द ही इन सब बातों को प्रदेश हाईकमान संज्ञान में लेकर एक्शन लेने वाला है। हो सकता है जिले में टॉप टू बॉटम बहुत कुछ बदल जाए। कोर कमेटी भी बदली जाना है।
सूत्र बताते हैं कि जिला स्तर पर संगठन की कार्यप्रणाली में बदलाव से लेकर मासिक बैठकों के नए क्रम, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने और जमीनी फीडबैक जुटाने तक कई अहम फैसलों की दिशा में पार्टी आगे बढ़ रही है। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने भोपाल में पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत बनाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। इन बदलावों का उद्देश्य जिला स्तर पर संगठन की कार्यक्षमता बढ़ाना, निर्णय प्रक्रिया को व्यवस्थित करना, कार्यकर्ताओं की सक्रियता का आकलन करना और आम जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता एवं विश्वास को मजबूत करना है।

जिला कोर कमेटियों का पुनर्गठन, सदस्यता और भूमिका में बदलाव

जानकारी के मुताबिक जिला कोर कमेटी की संरचना और कार्यप्रणाली में बदलाव करने जा रही है। नई व्यवस्था के तहत चुनाव में पराजित प्रत्याशियों, पूर्व विधायकों और विभिन्न प्रकोष्ठों के जिला संयोजकों को कोर कमेटियों से बाहर रखने की तैयारी है। वहीं जिला महामंत्रियों को संगठनात्मक बैठकों में अधिक प्रभावी और महत्वपूर्ण भूमिका दी जाएगी। इस फेरबदल के जरिए जिला स्तर पर संगठन के नियमित कामकाज को प्राथमिकता देने और निर्णय लेने की व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक बनाने की कोशिश की जा रही है। माना जा रहा है कि कोर कमेटियों को सीमित और अधिक जिम्मेदार स्वरूप देकर संगठनात्मक गतिविधियों पर बेहतर निगरानी रखी जा सकेगी।

बैठक व्यवस्था में बदलाव, अब प्रदेश से शुरू होगा संगठनात्मक संवाद

भाजपा ने संगठन की मासिक बैठकों के क्रम में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब बैठकें सबसे पहले प्रदेश स्तर पर आयोजित होंगी, इसके बाद जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और अंत में बूथ स्तर तक संगठनात्मक संवाद पहुंचेगा। इन बैठकों का आयोजन प्रत्येक माह ‘मन की बात’ कार्यक्रम के तुरंत बाद किए जाने की व्यवस्था बनाई जा रही है। पहले संगठनात्मक बैठकों की शुरुआत बूथ स्तर से होती थी और क्रमशः ऊपर के स्तर तक संवाद पहुंचता था। अब इस व्यवस्था को उलटते हुए प्रदेश नेतृत्व से प्राप्त दिशा-निर्देशों को चरणबद्ध तरीके से निचले स्तर तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी का मानना है कि इससे सभी स्तरों पर एकरूपता, समन्वय और कार्ययोजना के क्रियान्वयन में बेहतर तालमेल स्थापित होगा।

1 से 25 दिसंबर तक चलेगा ‘सेवा दूत’ अभियान, विधानसभा क्षेत्रों में रहकर करेंगे आकलन

संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए भाजपा दिसंबर में विशेष ‘सेवा दूत’ अभियान शुरू करने जा रही है। यह अभियान 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इसके तहत शहरी विधानसभा क्षेत्रों में एक और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में दो वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सेवा दूत के रूप में नियुक्त किया जाएगा। सेवा दूत अपने निर्धारित विधानसभा क्षेत्र में रहकर संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और जमीनी समस्याओं का आकलन करेंगे। पार्टी इस जिम्मेदारी के लिए अनुभवी एवं पुराने कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगी, जिन्हें क्षेत्र की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों की गहरी समझ हो। फिलहाल संभावित सेवा दूतों के नामों की सूची तैयार की जा रही है। इस अभियान के जरिए प्रदेश संगठन विधानसभा क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर सकेगा और संगठनात्मक कमजोरियों को चिह्नित कर आवश्यक सुधार की दिशा में कदम उठा सकेगा।

जिला प्रभारियों के लिए भी निर्देश

जिला प्रभारियों की भूमिका की भी समीक्षा की गई है। जिला प्रवास के दौरान केवल औपचारिक बैठक कर लौटने के बजाय क्षेत्र में पर्याप्त समय बिताने, पुराने कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करने पर जोर दिया गया। बैठकों को समय पर शुरू करने और बैठक के दौरान मोबाइल फोन साइलेंट रखने जैसी सामान्य अनुशासन संबंधी हिदायतें भी दी गईं। इसके अलावा पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रों के धार्मिक एवं सामाजिक संस्थानों की गतिविधियों, स्थानीय परिस्थितियों और विपक्षी दलों की राजनीतिक स्थिति, ताकत तथा कमजोरियों की जानकारी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि संगठन जमीनी वास्तविकताओं के अनुरूप अपनी रणनीति तैयार कर सके।

रिक्त संगठनात्मक पदों पर जल्द नियुक्तियां, युवा नेतृत्व को भी मिलेगा मौका

जिला स्तर पर लंबे समय से खाली पड़े संगठनात्मक पदों को भरने की प्रक्रिया भी तेज की जा रही है। कटनी से संभावित नामों की सूची प्रदेश संगठन को भेजी गई है, जिन पर विचार-विमर्श के बाद सूची फिलहाल संगठन के पास रखी गई है। जिला संगठन में भी पद रिक्त है।संभावना जताई जा रही है कि अगले दो से तीन दिनों में जिला स्तर सहित अन्य रिक्त पदों पर नियुक्तियों की घोषणा हो सकती है।IMG 20261121 WA0834

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button