कैमोर गोलीकांड में नया एंगल, इधर आक्रोश और तनाव उधर संदिग्ध आरोपी के साथी के पिता ने लगा ली फांसी, मां के द्वारा भी जहर खाने की चर्चा, क्या सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाए माता पिता या कुछ और ?

कैमोर, कटनी यशभारत। कैमोर में नीलू रजक की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में नया मोड़ आ गया है, जबकि हत्याकांड के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लोगों का आक्रोश बरकरार है। पुलिस सारी स्थिति पर नियंत्रण की कोशिश में लगी है। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच चुके है। अतिरिक्त बल भी मंगा लिया गया है। इस बीच इस पूरे घटनाक्रम पर सांसद वीडी शर्मा ने प्रदेश के डीजीपी से भी बात करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
मिली जानकारी के मुताबिक आक्रोश और तनाव के बीच हुई एक घटना ने पुलिस की जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। अब पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है। बताया जाता है कि अमरैया पार निवासी जोसेफ ईसाई नामक व्यक्ति ने अपने घर पर फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया। पुलिस के मुताबिक उसके पुत्र प्रिंस को गोलीकांड के संदिग्ध दो युवकों में से एक के साथ देखा गया था। पिता को जब इसकी जानकारी लगी कि पुलिस गोलीकांड में प्रिंस की तलाश कर रही है तो वे व्यथित हो गए और मौत को गले लगा लिया। शायद अपने लड़के के फंसने का सदमा वे बर्दाश्त नहीं कर सके। प्रिंस की मां द्वारा भी जहर खाने की जानकारी मिल रही है लेकिन पुष्टि नहीं हो सकी। बताते हैं कि जोसेफ एक निजी कंपनी की बस चलाता था। सुबह 11 बजे वह बस लेकर कैमोर पहुंचा तो उसे घटनाक्रम की जानकारी लगी।









