मध्य प्रदेशराज्य

खाकी से खिलवाड़ का ‘हिसाब’: प्रधान आरक्षक पर हाथ उठाने वाले पति-पत्नी पहुंचे सलाखों के पीछे, 4 अब भी फरार

दमोह। पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, गाली-गलौज कर शासकीय कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दमोह देहात पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को जबलपुर नाका चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र पटेल के साथ ग्राम बिजौरी में विवेचना संबंधी शासकीय कार्यवाही के दौरान आरोपियों ने विवाद करते हुए अभद्र गाली-गलौज की और लात-घूंसों से मारपीट कर दी। आरोपियों ने प्रधान आरक्षक को जान से मारने की धमकी देने के साथ उनके मोबाइल और मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की।

 

प्रधान आरक्षक की रिपोर्ट पर दमोह देहात थाने में अपराध क्रमांक 840/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कोद्दू उर्फ कोदू अहिरवार (37) और उसकी पत्नी मनीषा अहिरवार (35), दोनों निवासी ग्राम बिजौरी, को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने पर जेल दाखिल करा दिया गया।

अन्य आरोपी फरार, तलाश जारी

पुलिस के अनुसार मामले में नामजद नीतेश यादव, रत्नेश उर्फ रत्ते यादव और दो अन्य व्यक्ति घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

इनकी रही भूमिका

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा दमोह देहात थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में जबलपुर नाका चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रियंका पटेल एवं उनकी टीम ने कार्रवाई की। इसमें सउनि जागेश्वर साहू, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र, आरक्षक सुरेन्द्र और गौरव घोषी की भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button